पिता ने बेटी को चाकू से गोदकर मार डाला, आरोपी पकड़ा

Sep 18 2025

ग्वालियर। जनकगंज थाना क्षेत्र में एक शख्स ने अपनी 24 वर्षीय बेटी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इससे पहले उसने बेटी की आंखों में मिर्ची झोंकी, ताकि वह वारदात को अंजाम दे सके। घटना गुरुवार सुबह करीब 10 बजे बेलदार का पुरा इलाके की है।
घटना की सूचना मिलते ही जनकगंज पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पिता बादाम सिंह कुशवाह को तुरंत पकड़ लिया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि पिता अक्सर शराब के नशे में बेटी की पिटाई करता था। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद को ही हत्या की वजह बताया जा रहा है।
बादाम सिंह की बेटी रानी कुशवाह सिलाई-कढ़ाई का काम करती थी। मृतका की मां भगवती बाई ने बताया कि पति बादाम सिंह एक पैर से दिव्यांग है। पहले वह ऑटो रिक्शा चलाता था। लॉकडाउन के समय एक्सीडेंट हुआ था। इसके बाद से वह घर पर ही रहता था।
घर में किराने की दुकान है, जिसे छोटी बेटी चलाती है। इस दुकान में बादाम सिंह जबरन बैठ जाता था और गल्ले से रुपए निकालकर उनसे शराब पी जाता था। विरोध करने पर वह घर में गाली-गलौज करता था। जब बेटी रानी इसका विरोध करती थी तो वह उससे मारपीट करता था।
गुरुवार को भी आरोपी पिता बादाम सिंह गल्ले से रुपए निकल रहा था, जिसका रानी ने विरोध किया तो गुस्से में उसने रानी की चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी। जनकगंज थाना प्रभारी अतुल सिंह सोलंकी ने बताया कि आरोपी पिता को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है, आगे की कार्रवाई भी कर रहे हैं।