ग्वालियर रेलवे स्टेशन का ऐतिहासिक स्वरूप और अधिक निखर कर आए:केंद्रीय मंत्री सिंधिया

Sep 15 2025

ग्वालियर। शहर के विकास कार्यों की प्रगति को लेकर केंद्रीय संचार एवं उत्तर पूर्वी क्षेत्र के विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट, उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बैठक ली। बैठक में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रेलवे स्टेशन के पुनर्निर्माण को लेकर अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को रेलवे स्टेशन का नक्शा लेकर प्रत्येक बिंदु पर चर्चा की। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्वालियर रेलवे स्टेशन का ऐतिहासिक स्वरूप और अधिक निखर कर आए। इसके साथ ही उन्होंने एलिवेटेड रोड के निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यों में तेजी लाई जाए। बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री महाराज बाड़े पर मल्टीलेवल पार्किंग एवं पेडेस्ट्रीयल जोन का निरीक्षण करने भी गए।
एलिवेटेड रोड के निर्माण कार्य का किया निरीक्षण
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एलिवेटेड रोड के निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर नाराजगी व्यक्त करते हुए उसे समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने ग्वालियर रेलवे स्टेशन के पुनर्निर्माण कार्य को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की। चर्चा के दौरान रेलवे स्टेशन का डिजाइन सामने रखा गया, इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने एक-एक पाइंट बिंदु पर अधिकारियों को निर्देश दिए। यात्रियों के रेलवे स्टेशन तक आगमन एवं उनके प्रस्थान को लेकर सवारी वाहनों पर चर्चा की। इसके साथ ही आगमन एवं प्रस्थान के द्वारों, एस्केलेटर पर चर्चा कर उनकी गुणवत्ता को लेकर दिशा निर्देश दिए। इसके साथ ही ग्वालियर-आगरा हाइवे के निर्माण कार्य को लेकर अधिकारियों को समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
महाराज बाड़े का किया निरीक्षण
मंत्री एवं महाराज बाड़े पर स्मार्ट सिटी द्वारा बनाई जा रही मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माणस्थल का केंद्रीय प्रभारी मंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा निरीक्षण किया। इस दौरान काम जल्द से जल्द पूरा किए जाने के निर्देश दिए।
सभापति को लगाई फटकार
बैठक शुरू होने से पहले सिंधिया ने सभापति मनोज तोमर से पूछा- मनोज, कल क्यों नहीं आए थे? यह ठीक नहीं है। इस पर सभापति ने हाथ जोडक़र जवाब दिया महाराज, कल श्राद्ध में गया था।
बैठक में भितरवार विधायक मोहन सिंह राठौड़, महापौर शोभा सिकरवार, सभापति मनोज तोमर, भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, पूर्व मंत्री मायासिंह आदि शामिल थे।