डॉ. अरविंद गुप्ता ने सिंधिया कन्या विद्यालय का भ्रमण किया

Sep 09 2025

ग्वालियर। सिंधिया कन्या विद्यालय में डॉ. अरविंद गुप्ता विवेकानंद इंटरनेशनल फाउंडेशन नई दिल्ली के निदेशक और उनकी धर्मपत्नी श्रीमती पूर्णिमा एम गुप्ता का आगमन हुआ। वे 2014-17 के दौरान भारत सरकार के उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव रहे। 
डॉ. अरविंद गुप्ता और उनकी धर्मपत्नी श्रीमती पूर्णिमा एम गुप्ता के विद्यालय आगमन पर प्रधानाचार्या श्रीमती निशि मिश्रा द्वारा उनका पुष्पगुच्छों से हार्दिक स्वागत किया गया तथा स्मृति चिह्न प्रदान किया गया। विद्यालय भ्रमण के दौरान डॉ. गुप्ता ने संस्थान की विविध अभिनव पहलों का अवलोकन किया। उन्होंने विशेष रूप से विद्यालय की ‘संकल्प’ परियोजना—ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाने हेतु सैनिटरी पैड निर्माण पहल—को सराहा और कहा कि यह प्रयास विद्यालय की सामाजिक संवेदनशीलता का सशक्त उदाहरण है।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि एसकेवी की छात्राएँ 21वीं सदी की तकनीकी चुनौतियों का सामना करने के लिए पूर्णत: तैयार हैं। डॉ. अरविंद गुप्ता ने छात्राओं की सामूहिक प्रतिभा, सृजनात्मकता और सांस्कृतिक समर्पण की सराहना करते हुए विद्यालय की शैक्षिक एवं सह-पाठ्यक्रमीय उत्कृष्टता को विशेष रूप से रेखांकित किया। तत्पश्चात डॉ. अरविंद गुप्ता ने छात्राओं के साथ एक इंटरैक्टिव सेशन संपन्न किया। जिसमे छात्राओं द्वारा पूछे गए  प्रश्नों का उत्तर दिया। विद्यालय हेड गर्ल प्रियांशी गुप्ता द्वारा धन्यवाद ज्ञापन दिया गया। इस अवसर पर सुश्री उर्वशी पांडे, अरुणांश गोस्वामी, मीडिया प्रभारी श्रीमती वैशाली श्रीवास्तव उपस्तिथ रहे।