जीवन की पहली पाठशाला माता व पिता होते हैं-महापौर सिकरवार

Sep 08 2025

ग्वालियर। शहर की अग्रणी सामाजिक संस्था जन उत्थान न्यास द्वारा जीवाजी विश्वविद्यालय के अटल सभागार में न्यास के अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. सतीश सिकरवार के नेतृत्व में 2500 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान शॉल-श्रीफल, स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र भेंटकर किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव मौजूद रहे, जबकि अध्यक्षता पूर्व मंत्री बालेन्दु शुक्ल ने की। विशिष्ट अतिथि महापौर डॉ. शोभा सिकरवार, विधायक साहब सिंह गुर्जर, पूर्व शहर जिला अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता राम पाण्डे एवं सभी ब्लॉक अध्यक्ष मौजूद रहे।
इस मौके पर महापौर डॉ. शोभा सिकरवार ने कहा कि शिक्षक भारत के भविष्य का निर्माण करते हैं। वहीं जीवन की पहली पाठशाला माता-पिता होते हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव ने कहा, शिक्षक समाज के पथ प्रदर्शक और राष्ट्र निर्माता होते हैं। वे विद्यार्थियों और समाज को सही शिक्षा और दिशा देकर उन्हें आने वाली चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व मंत्री बालेन्दु शुक्ल ने कहा, ज्ञान मनुष्य के जीवन में बहुत महत्वपूर्ण है। यह केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि जीवन जीने का तरीका, संस्कार, मानव मूल्य और विचार करने की क्षमता भी इसमें शामिल है।
कार्यक्रम में न्यास के विनोद जैन, सुरेश प्रजापति, देवेन्द्र चौहान, महादेव अपोरिया, हितेन्द्र यादव, अनूप शिवहरे, महाराज सिंह पटेल, लतीफ खान, श्रीमती गायत्री मण्डेलिया, श्रीमती लक्ष्मी सुरेश गुर्जर, नाथूराम ठेकेदार, बृजेश शुक्ला, केदार बरहादिया, प्रमोद खरे, सुरेन्द्र साहू, पार्षद अंकित कठठ्ल, श्रीमती वीणा भारद्वाज, श्रीमती सीमा समाधिया, हेमंत शर्मा, हरेन्द्र गुर्जर, आदित्य सेंगर, सत्येन्द्र नागर आदि मौजूद रहे।