लोगों ने तालाबों पर पहुंचकर पितरों को पानी दिया

Sep 07 2025

ग्वालियर। सूरज की किरण निकलने के साथ ही लोगों ने तालाबों पर पहुंचकर पितरों को पानी दिया। पितरों को पानी देने कटोराताल पहुंचे लोगों को अव्यवस्थाओं के चलते परेशानी का सामना करना पड़ा। नगर निगम द्वारा कटोराताल स्थित छोटे तालाब में तर्पण के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। पितरों की आत्मशांति के लिए जलाशयों पर दाब हाथ में लेकर पानी के बीचों-बीच पितरों की शांति के लिए तर्पण किया। 
7 सितम्बर रविवार से श्राद्ध पक्ष शुरू हो गए जो 21 सितम्बर तक सर्व पितृ मोक्ष अमावस्या तक चलेंगे। श्राद्ध पक्ष के दौरान अब शुभ कार्यों पर रोक लग गई हैं और बाजारों में नई वस्तुओं की खरीदारी नहीं होगी। शहर के कारोबारियों को अब नवरात्रि तक ग्राहकों का इंतजार करना पड़ेगा। श्राद्ध पक्ष के दौरान आत्मा की शांति के लिए अनुष्ठान, पूजा कर ब्राह्मणों को भोजन कराया जा रहा है।
 वहीं पितृ पक्ष का सामान बेचने के लिए शहर में जगह-जगह अस्थायी दुकानें सुबह से सजी हुई हैं। पूजन से पहले यहां आकर लोग विभिन्न सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं।
शहर के विभिन्न तालों पर सुबह 7 बजे से तर्पण करने वाले पहुंचना शुरू हो गए और अपने पितरों की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए विधि विधान के साथ तर्पण किया। हालांकि कटोराताल पहुंचने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा जनताल और लक्ष्मण तलैया में लोगों ने तर्पण किया।
पितृ पक्ष शुरू होने के साथ ही बाजारों में इमरती और मंगोड़े की मांग बढ़ गई है। पितरों की आत्मशांति के लिए कुत्ते को इमरती और मंगोड़े खिलाए जा रहे हैं।