स्वच्छता व नशामुक्ति में हर नागरिक की सहभागिता जरूरी:ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न तोमर

Sep 07 2025

ग्वालियर। ग्वालियर शहर को स्वच्छ, सुंदर, हरा-भरा, प्रदूषण मुक्त और नशा मुक्त बनाने के लिए ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के आव्हान पर रविवार को हुई मिनी मैराथन दौड़ में सम्पूर्ण शहर के लोगों ने हिस्सा लिया।  
चार शहर का नाका से मिनी मैराथन को हरी झंडी दिखाकर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर मिनी मैराथन दौड़े। स्वच्छता और नशामुक्त ग्वालियर का आव्हान करते हुए ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मिनी मैराथन रखी थी। जिसमें ऊर्जा मंत्री तोमर के साथ बच्चे, बुजुर्ग और जवान एक साथ दौड़े हैं।
सभी के हाथ में तख्तियां थीं नशा मुक्त और स्वच्छ ग्वालियर बनाना है। मिनी मैराथन चार शहर का नाका से शुरू हुई, जो दुर्गादास राठौर चौक तक पहुंची। यहां दुर्गा दास राठौर की प्रतिमा पर साफ-सफाई कर माल्यार्पण किया गया।
मिनी मैराथन दौड़ शामिल होते हुए ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा आप सभी के सहयोग से हम सब ने मिलकर ग्वालियर को स्वच्छ, हरा-भरा, प्रदूषण मुक्त और नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया है। इसकी सफलता के लिए हर नागरिक की सहभागिता जरूरी है।
इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में आज चार शहर का नाका से वीर दुर्गादास राठौड़ चौराहे तक मिनी मैराथन के जरिए यह संदेश दिया कि जब हम सब एकजुट होते हैं, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। ऊर्जा मंत्री ने इस मैराथन में समाज के हर वर्ग नागरिक, बच्चे, व्यवसायी और समस्त कार्यकर्ता गणों द्वारा सहभागिता देने पर अभियान की सफलता के सभी का शुक्रिया किया है।
 उल्लेखनीय है कि स्वच्छता के लिए मिनी मैराथन दौड़ के आयोजन का मकसद लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। रविवार सुबह ऊर्जा मंत्री तोमर की अगुवाई में चार शहर का नाका से इस मिनी मैराथन दौड़ का शुभारंभ हुआ, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वीर दुर्गादास राठौड़ चौराहा पर पूरी हुई है।
इस दौड़ में स्कूली छात्र-छात्राओं के अलावा शहर के युवाओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, भाजपा नेताओं में योगेन्द्र सिंह तोमर,  बृजमोहन शर्मा, चिंटू परमार, लवी खण्डेलवाल, महेश भदौरिया, अरुण बाजपेयी, आकाश श्रीवास्तव, प्रयाग सिंह तोमर, मनमोहन पाठक आदि ने हिस्सा लिया।