चंद्र ग्रहण के सूतक काल में मंदिरों के कपाट बंद, रात 9.56 बजे से शुरू होगा ग्रहण

Sep 07 2025

ग्वालियर। 7 सितंबर यानी रविवार रात में पूर्ण चंद्र ग्रहण लगेगा। यह साल 2025 का दूसरा चंद्र ग्रहण होगा, लेकिन भारत में दिखाई देने वाला पहला और आखिरी चंद्र ग्रहण होगा। चन्द्र ग्रहण रात 9.56 बजे शुरू होगा।
रविवार-सोमवार की दरम्यिानी रात को पूर्ण चंद्र ग्रहण पड़ रहा है इसको ध्यान में रखते हुए रविवार दोपहर 12:57 बजे जैसे ही सूतक का काल प्रारंभ हुआ मंदिरों के कपाट बंद कर दिए गए। मंदिरों के कपाट बंद करने से पहले भगवान को शयन (सुलाया) कराया गया है।
सनातन धर्म मंदिर के पुजारी ने बताया कि देर रात 1:30 के लगभग ग्रहण रहेगा। उसके बाद भगवान को नहा कर आरती की जाएगी और पूरे मंदिर में शुद्धिकरण किया जाएगा।
सूतक काल ग्रहण से 9 घंटे पहले शुरू हो जाता है। इसलिए 7 सितंबर रविवार को दोपहर 12:57 बजे से सूतक शुरू हो गया था। सूतक लगते ही मंदिरों के दरवाजे बंद कर दिए गए है और पूजा-पाठ नहीं होगा। लोग भगवान का भजन-कीर्तन कर सकते हैं। ग्रहण खत्म होने के बाद मंदिर खोले जाएंगे और साफ-सफाई की जाएगी।
चंद्र ग्रहण के समय पृथ्वी, चंद्रमा और सूरज एक सीध में होते हैं। जब पृथ्वी की परछाईं चंद्रमा को पूरी तरह ढक लेती है, तब इसे पूर्ण चंद्र ग्रहण कहते हैं।
21 सितंबर को सूर्य ग्रहण, लेकिन भारत में नहीं दिखेगा
7 सितंबर के बाद 21 और 22 सितंबर को सूर्य ग्रहण भी लगेगा, लेकिन वो भारत में दिखाई नहीं देगा। इसलिए भारत में उसका कोई असर नहीं माना जाएगा।