रामलीला के लिए भूमिपूजन हुआ,मंचन 22 सितंबर से

Sep 05 2025

ग्वालियर। रामलीला समारोह समिति के तत्वावधान में होने वाली शहर की रामलीला का मंचन 22 सितंबर से किया जाएगा। रामलीला समारोह के लिए शुक्रवार को सुबह 8.30 बजे भूमिपूजन किया गया। 
कार्यक्रम संयोजक रमेश अग्रवाल ने बताया कि इस बार रामलीला का मुख्य आकर्षण राम बारात होगी। पहली बार राम बारात फालका बाजार स्थित श्रीराम मंदिर से प्रारंभ होकर ऊंट पुल, जयेंद्रगंज, दाल बाजार, नया बाजार, लोहिया बाजार, पाटनकर बाजार, दौलतगंज, महाराज बाड़ा, सराफा बाजार होते हुए राम मंदिर पर समाप्त होगी। यहां से रामलीला के कलाकार रामलीला स्थल पर पहुंचकर लीला का मंचन करेंगे। इस बार राम बारात में आकर्षक झांकियां भी होंगी। रामलीला का शुभारंभ 21 सितंबर को सुंदरकांड पाठ से किया जाएगा। 22 सितंबर से रामलीला प्रारंभ हो जाएगी। केवट संवाद की लीला का मंचन भी इस बार रामलीला के मंच पर ही किया जाएगा।