रिटायर्ड डिप्टी कमिश्नर की पत्नी 5 दिन से लापता,सीएम से लगाई मदद की गुहार

Sep 05 2025

ग्वालियर। ट्राइबल वेलफेयर डिपार्टमेंट से रिटायर्ड डिप्टी कमिश्नर रामकुमार शर्मा की 61 वर्षीय पत्नी पद्मा शर्मा 31 अगस्त से लापता हैं। पद्मा शर्मा उस दिन सुबह घर से निकली थीं और फिर वापस नहीं लौटीं। शर्मा ने विश्वविद्यालय थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस पर पत्नी की तलाश में सक्रिय न होने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मदद की गुहार लगाई है।
इस मामले में पुलिस के रवैये से नाराज शर्मा ने अपने स्तर पर पत्नी की तलाश शुरू कर दी है। वे अपने बेटे और बच्चों के साथ संभावित स्थानों के सीसीटीवी फुटेज देख रहे हैं और चौक-चौराहों, मुख्य बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर लापता के पोस्टर लगा रहे हैं।
शर्मा गोविंदपुरी इलाके में रहते हैं और दिनभर पैदल चलकर लोगों से पत्नी के बारे में पूछताछ कर रहे हैं। पद्मा शर्मा मानसिक रूप से बीमार चल रही थीं। सीएसपी रॉबिन जैन का कहना है कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज और परिवार द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पद्मा शर्मा की तलाश कर रही है।