नवविवाहिता को कोल्डड्रिंक में पिलाया जहर, 45 दिन बाद मौत, सडक़ पर शव रखकर परिजनों का हंगामा

Sep 04 2025

ग्वालियर। दहेज में बुलेट बाइक नहीं मिली तो नाराज पति अपनी पत्नी को प्रताडि़त करने लगा। 19 जुलाई को पति ने मायके से बुलेट मांगने की बात पत्नी से कही, लेकिन जब पत्नी ने इनकार किया तो आरोपी ने उसे गर्म चिमटे से जला दिया। इतना ही नहीं सास ने उसे कोल्डड्रिंक पीने के लिए दी, लेकिन उसमें जहर था। कोल्डड्रिंक पीते ही महिला की हालत बिगडऩे लगी। 
गंभीर हालत में उसे ग्वालियर से दिल्ली रेफर किया गया था, जहां 45 दिन इलाज के बाद गत रोज उसने दिल्ली में दम तोड़ दिया। गत रात को परिजनों ने सडक़ पर शव रखकर आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग करते हुए महाराजपुरा में हंगामा किया है। पुलिस ने किसी तरह मामले को संभाला है।
बतादें कि भिंड के दबोह निवासी सतीश शर्मा की बेटी 24 वर्षीय सोनाली शर्मा की शादी फरवरी 2024 में ग्वालियर के महाराजपुरा स्थित भगवान सिंह नगर निवासी आदित्य शर्मा के साथ हुई थी। शादी के छह महीने तक सब ठीक रहा, लेकिन उसके बाद सोनाली को उसका पति आदित्य, सास अनीता शर्मा, ससुर राजेश शर्मा और चचेरी ननद सपना शर्मा दहेज न लाने पर परेशान करने लगे। 
पति शादी के बाद मायके से बुलेट बाइक लाने के लिए कह रहा था। सोनाली ने यह बात अपने माता-पिता को बताई। सोनाली के पिता सतीश शर्मा रिश्तेदारों को लेकर बेटी की ससुराल पहुंचे और वहां बात की। बातचीत के दौरान उन्होंने बेटी के ससुराल वालों को भरोसा दिलाया कि उनके पास जैसे ही व्यवस्था होगी वह बुलेट गाड़ी लेकर दे देंगे। इसके बाद कुछ दिनों तक स्थिति सामान्य रही। उसके बाद पति फिर परेशान करने लगा।
पिता सतीश शर्मा ने बताया कि आश्वासन के बाद भी सोनाली का पति नहीं माना और परेशान करने लगा। गर्म चिमटे से जला दिया और मारपीट की। सास ने उसे कोल्डड्रिंक पीने को दी। कोल्डड्रिंक पीने के बाद सोनाली की हालत बिगड़ गई। पहले उसे बिड़ला हॉस्पिटल फिर दिल्ली सर गंगाराम लेकर पहुंचे, लेकिन वहां 45 दिन जिंदगी के लिए संघर्ष करने के बाद सोनानी ने गत रोज इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।