पानी का अपव्यय रोकने के लिए स्थानीय निकाय ने टूटे खुले पाइप कराए बंद

Sep 02 2025

भितरवार। पेयजल का अपव्यय रोकने के लिए स्थानीय निकाय ने वार्ड 2 में टूटे और खुले पानी के पाइप बंद करवाकर रहवासियों से टोंटियां लगाने की अपील की है। 
मंगलवार को नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल के निर्देश और पार्षद ब्रजलता गजब सिंह रावत के मार्गदर्शन में जल प्रदाय अधिकारी जगदीश यादव कर्मचारियों की टीम लेकर वार्ड 2 में पहुंचे। जहां उन्होंने वार्ड की गलियों में घूमकर पेयजल के लिए लगे लोगों के नल कनेक्शन देखे। इस दौरान निकाय कर्मियों ने टूटे और खुले पाइपों को बंद किया। इन नलों के पाइपों से व्यर्थ पानी बह रहा था। कुछ जगह सार्वजनिक नलों में कर्मचारियों ने टोंटियां भी लगाईं। 
वहीं इस दौरान जल प्रदाय अधिकारी श्री यादव ने वार्ड के लोगों से कहा कि जल है तो कल है। पानी को व्यर्थ न बहाएं पानी का अपव्यय रोकने के लिए नलों में टोंटियां लगाएं। वहीं उन्होंने कहा कि जिसके घर के बाहर नल से व्यर्थ पानी बहता मिला तो उसका नल कनेक्शन काट दिया जाएगा। और उपयुक्त कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है। कि पिछले कुछ दिनों से वार्ड 2 में पटवारी कॉलोनी सहित उसके आसपास के घरों में पानी नहीं पहुंच रहा था। इस समस्या से वार्ड पार्षद श्रीमती ब्रजलता गजब सिंह रावत ने निकाय के जिम्मेदार अधिकारी कर्मचारियों को अवगत कराया था।