सडक़ हादसे में खाटू श्याम दर्शन करने जा रहे दो युवकों की मौत; चार घायल

Sep 02 2025

ग्वालियर। ग्वालियर-झांसी हाईवे पर भरथरी के पास एक स्कॉर्पियो, ट्रक के कट लगने के बाद पलट गई है। हादसे में स्कॉर्पियो में सवार दो युवकों की मौत हो गई है, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। घटना गत देर रात की बताई जा रही है। मंगलवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव ग्वालियर से झांसी भेजे गए। वहीं हादसे में घायलों का इलाज चल रहा है। ग्वालियर पुलिस ने ट्रक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृतक और घायल सभी झांसी के रहने वाले हैं। यह सभी गत रोज झांसी से खाटू श्याम बाबा के दर्शन करने राजस्थान के लिए निकले थे। 
झांसी निवासी सिद्वार्थ उर्फ सुभाष गुप्ता अपने साथी शुभम उर्फ भरत नामदेव, मनीष उर्फ पप्पू यादव, अभिषेक यादव, राजाअली और शक्ति सिंह राजपूत के साथ गत रोज झांसी से खाटू श्याम के दर्शन करने के लिए स्कॉर्पियो कार क्रमांक यूपी93 बीआर 3622 से निकले थे।
साढ़े चार बजे के करीब वह भरथरी पुल के पास डबरा हाईवे पर खालसा ढाबा के सामने पर पहुंचे ही थे कि तभी तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करने की जल्दबाजी में उनकी कार में कट मारी। स्पीड ज्यादा होने पर कट लगते ही स्कॉर्पियो बेकाबू होकर पहले डिवाइडर से टकराई फिर दूसरी ओर जाकर पलट गई।
हादसे के बाद वहां से गुजर रहे अन्य वाहनों के चालक, स्थानीय निवासी बचाव में जुटे और पुलिस को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को पुलिस वाहन व एम्बुलेंस की मदद से इलाज के लिए पहुंचाया। जहां पर सिद्धार्थ उर्फ सुभाष गुप्ता और शुभम् उर्फ भरत नामदेव को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि चार को गंभीर हालत में उपचार के लिए भर्ती कर लिया है।
डॉक्टरों का कहना है कि समय रहते घायलों को भर्ती कराने पर उनकी जान बच गई, क्योंकि घायलों का खून ज्यादा निकलने पर उनकी हालत गंभीर थी और कुछ समय की देरी से उनकी जान जा सकती थी।
सीएसपी रोबिन जैन ने बताया कि एक स्कॉर्पियो में ट्रक ने कट मारा था, जिससे कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि चार घायल हैं। जल्द ही ट्रक चालक को पकड़ा जाएगा। हाईवे के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।