युवक को गोली मारने वाला 8 माह बाद पकड़ा, दो अभी भी फरार

Aug 31 2025

ग्वालियर। एक युवक को गोली मारने वाले प्लेटिना बाइक सवार तीन बदमाशों की आठ माह बाद पहचान हो गई है। बदमाश की पहचान के लिए पुलिस को आधा सैकड़ा से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगालने पड़े हैं। पुलिस ने एक आरोपी को घेराबंदी के बाद पकड़ भी लिया है, लेकिन उसके दो साथी अभी हाथ नहीं आए हैं।
यह घटना जनकगंज के लक्ष्मीगंज में पेट्रोल पंप पर जनवरी माह में हुई थी। घायल अपने लोडिंग चालक दोस्त के साथ गाड़ी में डीजल भरवाने के लिए आया था। वहां विवाद के बाद चली गोली उसके पैर में लगी थी। अब हमलावरों की तलाश की जा रही है। 
जनकगंज थाना प्रभारी अतुल सिंह सोलंकी ने बताया कि गिरवाई बिरथरियों का पुरा निवासी राजेन्द्र कुशवाह 8 जनवरी 2025 की रात करीब 12 बजे अपने दोस्त अख्तर के साथ उसकी लोडिंग में डीजल डलवाने के लिए लक्ष्मीगंज स्थित पेट्रोल पंप पर आया था। डीजल डलवाने के बाद उसका दोस्त बाथरूम गया था और वह लोडिंग में बैठा था।
इसी समय प्लेटिना बाइक से तीन युवक आए और पेट्रोल डलवाने को लेकर उनका पंप कर्मचारियों से विवाद हो गया। विवाद बड़ा तो आरोपियों ने राइफल से फायरिंग कर दी। गोली पंप कर्मचारी को न लगते हुए लोडिंग वाहन के दूसरी तरफ खड़े राजेन्द्र को जा लगी। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए पहुंचाकर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था।
जिस समय घटना घटी उस समय आरोपी अज्ञात थे। उसके बाद से मामले की जांच क्राइम ब्रांच व जनकगंज थाना पुलिस कर रही थी। जांच दल ने घटना स्थल से लेकर आसपास के इलाके में लगे 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो पुलिस को कुछ सीसीटीवी कैमरे से फुटेज मिले थे, जिसमें प्लेटिना बाइक पर तीन लोग सवार थे। फुटेज में इन लोगों के पास एक राइफल भी नजर आ रही थी। फुटेज के आधार पर एक बदमाश की पहचान शैलेन्द्र सिंह पुत्र गब्बर सिंह गुर्जर निवासी दतिया के रूप में हुई थी, जिसे पुलिस ने रविवार को पकड़ लिया है।
 मामले में टीआई जनकगंज अतुल सोलंकी का कहना है कि शैलेन्द्र की गिरफ्तारी के बाद अब उसके दो अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। सभी की पहचान हो गई है। शेष आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।