एसआईआर के खिलाफ एसयूसीआई ने किया विरोध प्रदर्शन

Aug 31 2025

ग्वालियर। बिहार में चल रहे वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण के खिलाफ एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) पार्टी ने विरोध सप्ताह मनाते हुए पूरे देश भर में विरोध प्रदर्शन आयोजित करने का आवाहन किया। 
इस अवसर पर एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) पार्टी की ग्वालियर इकाई द्वारा रविवार को फूलबाग चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। इस अवसर पर पार्टी की जिला सचिव रचना अग्रवाल ने कहा बिहार में चल रहे वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण के द्वारा बिहार में 65 लाख मतदाताओं को मतदाता सूची से बाहर कर दिया गया।यह प्रक्रिया बहुत ही आनन-फानन में लागू की गई है।
इस प्रक्रिया में मतदाताओं से जो दस्तावेज माँगे गए हैं, उनसे सरकार की मंशा पर कई प्रश्न चिन्ह लग गये हैं। दरअसल सरकार एसआईआर के जरिये एनआरसी के लिए दस्तावेज एकत्रित कर रही है। ताकि इन दस्तावेजों को आधार बनाया जा सके। उन्होंने आगे कहा केंद्र सरकार विपक्षी पार्टियों को कमजोर करके चुनाव जीतना चाहती है, इसलिए एसआईआर लागू कर रही है। 
बीजेपी और चुनाव आयोग पर मतदाता सूची में धांधली करके वोट चोरी के आरोप लगाए जा रहे हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त वोटर लिस्ट की जाँच न करबा के इधर उधर की बातें कर रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट ने भी एसआईआर की प्रक्रिया पर प्रश्नचिन्ह लगाए हैं। 
उन्होंने कहा दुनिया का सबसे बड़ा कहे जाने वाला लोकतंत्र आज खतरे में है। देश मे आपातकाल जैसे हालात बना दिये गए हैं। संविधान में 130वे संशोधन के रूप जनप्रतिनिधि (संशोधन) बिल लाकर लोकतंत्र को खत्म किया जा रहा है। प्रदर्शन में पार्टी के जिला कमेटी सदस्य रूपेश जैन ने भी वक्तव्य रखा। कार्यक्रम का संचालन श्रुति शिवहरे ने किया।
प्रदर्शन मे धीरेंद्र शिवहरे, रायसिंह, दीपक बरैया, लाल पाल, प्रदीप माहौर, कुमारबाबू बेरबरे, अजय अनुरागी आकाश आदि कार्यकर्ता शामिल हुए।