स्वच्छता का संदेश देने ऊर्जा मंत्री ने निकाली रैली

Aug 31 2025

ग्वालियर। शहर में स्वच्छता का संदेश देने के लिए ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मल्लगढ़ा तिराहे से चार शहर का नाका तक रैली निकाली। रैली में स्वच्छता का संदेश दिया गया, जबकि जिन क्षेत्रों से यह रैली निकाली गई वहां पर गोबर और गंदगी के ढेर लगे हुए थे। आमजन एक ओर जहां नगर निगम की सफाई व्यवस्था को लेकर परेशान हैं, वहीं हाईकोर्ट भी स्वच्छता को लेकर नगर निगम को फटकार लगा चुका है, लेकिन इसके बाद भी नगर निगम अधिकारियों ने कोई सबक नहीं लिया है। 
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था, नशा मुक्ति और शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने का संदेश देने के लिए रैली निकाली। रैली के दौरान ऊर्जा मंत्री को जगह-जगह गंदगी के ढेर मिले, साथ ही रेडिमेट गारमेंट पार्क के पास कई ट्रॉली गोबर का ढेर पड़ा हुआ मिला। गंदगी को देखकर ऊर्जा मंत्री ने नाराजगी व्यक्त की।
स्वच्छता, प्रदूषण को लेकर मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहाकि शहर में स्वच्छता को लेकर वह अभियान चलाएंगे, जिससे शहर फिर से स्वच्छता में बेहतर प्रदर्शन कर सके।
शहर की खस्ताहाल सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम के अधिकारियों को फटकार लग चुकी है। उपायुक्त स्वच्छता अमर सत्य गुप्ता पर कार्रवाई के लिए निगमायुक्त संघ प्रिय भोपाल में पत्र भेज चुके हैं, लेकिन इतना होने के बाद भी नगर निगम अधिकारियों की नींद नहीं खुल रही है।