भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर पंडालों में स्थापना की

Aug 27 2025

ग्वालियर। गणेश महोउत्सव बुधवार से शुरू हो गया है। घर, मंदिर व अन्य स्थलों पर गणपति बप्पा की अगवानी के लिए जोर-शोर से तैयारियां हुई। मंदिरों को आकर्षक लाइटिंग के साथ सजाया गया है। वहीं घरों में भी श्रीजी विराजना शुरू हो गए थे। 
गणेश महोत्सव का सबसे ज्यादा उत्साह बच्चों में देखा गया, जो घर के बड़ों के साथ उन स्थानों पर पहुंचे। जहां भगवान गणेश की प्रतिमाएं बिक्री के लिए रखी हुई थी। मंगल मूर्ति के नाम से जाने वाले भगवान गणेश सर्वार्थसिद्धि योग में बुधवार को जगह-जगह विराजे। गणेश उत्सव को लेकर जगह-जगह पण्डाल सजा गए हैं और इनमें आकर्षक विद्युत सजावट की गई है। 
वहीं खल्लासीपुरा में शहर की सबसे बड़ी 21 फीट की गणेश प्रतिमा विराजमान होने जा रही है।
दस दिवसीय गणेश उत्सव को लेकर शहर भर में भक्तों में भारी उत्साह देखने को मिला है। सुबह से ही भक्तगण मूर्तिकारों के यहां पहुंचना शुरू हो गए और मूर्तिकारों के यहां से श्रीजी की प्रतिमाओं को पंडाल तक लाए तथा श्रद्धाभाव के साथ भगवान गणेश की स्थापना की। भगवान गणेश की स्थापना का सिलसिला देर रात तक अनवरत रूप से जारी रहा लोगों ने अपनी सहूलियत से श्रीजी की स्थापना की।
विभिन्न चौराहों पर सजे पंडालों में भक्तगण ढोल नगाड़ो के साथ प्रथम पूज्य भगवान गणेश की प्रतिमा को लेकर आए और विधि-विधान से उनकी स्थापना की। इस दौरान कई स्थानों पर प्रतिमाएं बड़ी होने के कारण लोगों को पंडाल तक प्रतिमा लाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी और सडक़ों पर जाम की स्थिति भी बन गई।
मंदिरों और पंडालों के साथ-साथ घरों और प्रतिष्ठानों में भी लोगों ने गणेश जी की स्थापना की और पूजा-अर्चना कर घर-परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।