सच्ची लगन के साथ किया गया प्रयास कभी व्यर्थ नहीं जाता:डीआईजी अमित सांघी

Aug 19 2025

भितरवार। सच्ची लगन और कड़ी मेहनत के साथ किया गया प्रयास कभी व्यर्थ नहीं जाता। लक्ष्य प्राप्ति के लिए हर विद्यार्थी को इस बात का ध्यान रखना चाहिए। दिव्यांशी ने बड़ा मुकाम हासिल कर छात्रों को प्रेरित करने काम किया है। यह बात डीआईजी अमित सांघी ने यूपीएससी में चयनित दिव्यांशी अग्रवाल को सम्मानित करते हुए कही।
भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयनित होकर जीएसटी अधिकारी बनी दिव्यांशी अग्रवाल को सम्मानित करने के लिए अग्रवाल समाज द्वारा ब्रज वाटिका में एक कार्यक्रम आयोजित किया। जिसमें मुख्य अतिथि डीआईजी अमित सांघी उपस्थित थे। वहीं विशिष्ट अतिथि मप्र चैंबर ऑफ़ कॉमर्स के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल, उपाध्यक्ष राकेश अग्रवाल थे। समारोह की अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल ने की। मंचासीन अतिथियों ने महाराजा अग्रसेन के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद अतिथियों ने यूपीएससी में चयनित होकर नगर का नाम रोशन करने बाली दिव्यांशी अग्रवाल को शील्ड और पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में उपमहानिरीक्षक श्री सांघी ने कहा कि सही दिशा में की गई मेहनत कभी बेकार नहीं जात। जिस प्रकार आपने अपने माता-पिता के देखे और सोचे गए सपने को साकार किया है। ठीक उसी प्रकार जो पद आपको मिला है। उसकी गरिमा आप हमेशा बनाए रखना। जिससे भितरवार ही नहीं पूरे राष्ट्र में आपकी अपनी पहचान बन सके। वहीं चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष डॉ प्रवीण अग्रवाल ने कहा कि सफलता और सम्मान मिलने के साथ चुनौतियां भी बढ़ जाती हैं। इन चुनौतियों को पूरा करने के लिए संघर्ष की जरूरत है। नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल एवं ग्वालियर जीएसटी ऑफीसर सुश्री प्रियंका अग्रवाल ने भी अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर दिव्यांशी अग्रवाल एवं उनके माता-पिता रश्मि नरेंद्र अग्रवाल को बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट हरीश अग्रवाल ने किया।