छात्रा की तांत्रिक क्रिया के बाद मौत, पुलिस ने अंतिम संस्कार रुकवाया

Aug 19 2025

ग्वालियर। तांत्रिक क्रिया के दौरान 14 साल की एक छात्रा की मौत हो गई। परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव से जा रहे थे, तभी पुलिस पहुंची और बच्ची का शव कब्जे में लिया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। उसके पेट पर गर्म छड़ से जलाने और अन्य चोटों के निशान हैं। पुलिस को पीएम रिपोर्ट का इंतजार है।
घटना खल्लासीपुरा इलाके की है। 8वीं में पढऩे वाली रौनक पाल बीमार थी। रौनक की मौत के बाद एक अज्ञात ने पुलिस को फोन कर बताया कि बच्ची के माता-पिता ने रिश्तेदार की सलाह पर एक तांत्रिक को बुलाया था। तांत्रिक ने बच्ची पर भूत-प्रेत का साया बताया। उसके पेट पर गर्म छड़ लगाई गई। उसे डंडे और झाड़ू से पीटा। लगातार प्रताडऩा के कारण उसकी मौत हो गई।
 रौनक के पिता सुनील पाल ने पुलिस को बताया कि पिछले 15 दिनों से बेटी को बुखार था। उसे डॉक्टर को भी दिखा चुके थे, लेकिन आराम नहीं मिला। घर पर ही उसने दम तोड़ दिया। उन्होंने तांत्रिक क्रिया के बारे में कुछ नहीं बताया।
इंदरगंज थाना प्रभारी दीप्ति सिंह तोमर ने बताया कि खल्लासीपुरा निवासी 14 वर्षीय बालिका की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।