हुरुन लिस्ट 2025 में मप्र में शीर्ष स्थान पर शक्ति पंप्स के दिनेश पाटीदार का परिवार

Aug 18 2025

ग्वालियर। हुरुन इंडिया मोस्ट वैल्यूएबल फैमिली बिजनेस लिस्ट 2025 में दिनेश पाटीदार परिवार का नाम 11,400 करोड़ की नेटवर्थ के साथ मध्य प्रदेश के सबसे अमीर और देश में 130वें स्थान पर शामिल हुआ है। शक्ति पंप्स (इंडिया) लिमिटेड के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक दिनेश पाटीदार ने अपने विजन और नेतृत्व से कंपनी को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने के साथ प्रदेश और देश का नाम भी रोशन किया है।
दिनेश पाटीदार का जीवन एक प्रेरणादायक यात्रा है। वर्ष 1986 में अपने पिता से शक्ति पंप्स की जि़म्मेदारी संभाली, तब भारतीय बाजार में स्टेनलेस स्टील पंप की कल्पना भी मुश्किल थी, लेकिन पाटीदार ने जोखिम उठाते हुए इसे सफलतापूर्वक पेश किया। इसी साहसिक निर्णय ने कंपनी को भारत की पहली बीईई 5-स्टार रेटेड पंप निर्माता बना दिया। आज शक्ति पंप्स दुनिया की कुछ चुनिंदा कंपनियों में है जो 100 प्रतिशत स्टेनलेस स्टील पंप और ऊर्जा दक्ष मोटर्स का निर्माण करती हैं। इसके बाद जब सोलर की बारी आई, तब भी उन्होंने अपनी रिसर्च टीम के साथ बेहतरीन टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करते हुए सोलर पम्पस और मोटर्स का निर्माण किया। 
हुरून लिस्ट भारत में 2012 से प्रकाशित हो रही है और इसे उद्योग जगत में सबसे प्रतिष्ठित माना जाता है। 2025 की लिस्ट में भारत के 300 सबसे बड़े पारिवारिक व्यवसायों को शामिल किया गया है और मध्य प्रदेश में सबसे ऊपर पाटीदार परिवार का नाम दर्ज होना प्रदेश के लिए विशेष गौरव का विषय है।