जल भराव की समस्याओं का अधिकारी गंभीरता से करें स्थाई निराकरण: महापौर डॉ. सिकरवार

Aug 18 2025

ग्वालियर। महापौर डॉ. श्रीमती शोभा सिकरवार एवं विधायक डॉ.सतीश सिकरवार ने निगम अधिकारियों के साथ वार्ड 18 एवं 19 में आमजन से रूबरू होकर क्षेत्र की समस्याएं जानी और ठेकेदार नईम, अपर आयुक्त विजय राज, ईई संजीव गुप्ता, उपायुक्त एपीएस भदौरिया, सीवर सेल के प्रमुख ललन सेंगर एवं क्षेत्राधिकारी शर्मा को 7 दिन का अल्टीमेटम देते हुए महापौर और विधायक डॉ. सिकरवार ने कहा कि यह सभी समस्याएं हल करें, हम सात दिन बाद फिर निरीक्षण करेंगे। अगर समस्याएं हल नहीं हुई तो आप सभी के खिलाफ कार्रवाही होगी।
महापौर और विधायक डॉ. सिकरवार ने निगम अधिकारियों एवं सफाई कर्मचारियों के साथ सेंट्रल एकेडमी स्कूल के सामने आदित्यपुरम जी सेक्टर, आदित्यपुरम आई ब्लॉक, आदित्यपुरम बी ब्लॉक, भगत सिंह नगर, समर्थ नगर, रचना नगर, कवि नगर, पटरी रोड गोला का मंदिर, विजय लक्ष्मी नगर, डीडी नगर, अटल नगर, कुंज विहार फेस 2, बलराम नगर, गायत्री विहार पिंटो पार्क एवं औद्योगिक क्षेत्र पिंटू पार्क सहित अन्य कई क्षेत्रों समेत अनेक बस्तियों में जल भराव, सीवर का सडक़ों पर बहता पानी और टूटी सडक़ें इन वार्डों में नागरिकों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। 
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र के नागरिकों से भी चर्चा की तथा उन्हें समस्या का निराकरण कराए जाने का आश्वासन दिया। नागरिकों द्वारा बताया गया कि क्षेत्र में सीवर लाइन की सफाई न होने के कारण यह दिक्कत आ रही है। महापौर ने ठेकेदार और अधिकारियों को दो टूक शब्दों में कहा कि अगर समय रहते समस्याएं हल नहीं हुई तो आप सब के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा की जन समस्याओं के निराकरण करने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महापौर ने टूटी सडक़ें जल्द से जल्द ठीक करने के निर्देश दिए और कहा कि जलभराव की समस्या का कार्य तत्परता से कराएं।
निरीक्षण के दौरान महापौर और विधायक डॉ. सिकरवार के साथ धर्मराज तोमर, जहान सिंह तोमर, गौरव तिवारी, राजा भदौरिया, सागरनाती, राजेश तोमर, मोनू भदौरिया आदि मौजूद रहे।