ई-रिक्शा से महिला का गहनों से भरा पर्स चोरी, सीसीटीवी कैमरे में नजर आई संदेही

Aug 17 2025

ग्वालियर। अपनी भाभी को हॉस्पिटल में जांच कराने ले गई ननद का किसी ने पर्स पार कर दिया। पर्स में महिला के चार लाख रुपए से ज्यादा के गहने रखे हुए थे। घटना दोपहर 12:30 से 3:40 बजे के बीच कंपू से नाका चंद्रबदनी के बीच हुई। यह घटना उस समय हुई, जब महिला ई-रिक्शा (टमटम) में सवार होकर प्राइवेट बस स्टैंड तक आ रही थी।
घटना के बाद माधवगंज, कंपू और झांसी रोड थानों में मामला अटका रहा। जब महिला पुलिस अफसरों के पास पहुंची तो मामले को संज्ञान में लेकर माधवगंज थाने में रविवार को चोरी का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो ई-रिक्शा से उतरते समय दो संदेही महिलाएं नजर आईं। पुलिस ने फुटेज जांच में ले लिया है।
 भिंड के लहार निवासी 32 साल की वर्षा पत्नी उमेश उपाध्याय का मायका ग्वालियर के डबरा में है। रक्षाबंधन के त्योहार पर वह अपने मायके आई थीं। वर्षा की भाभी पार्वती गर्भवती हैं, जिनका इलाज ग्वालियर में चल रहा है। वह अपनी भाभी की जांच कराने के लिए माधवगंज स्थित भावना लैब में आई थीं।
भाभी की जांच कराने के बाद ननद और भाभी ई-रिक्शा में बैठकर नाका चंद्रबदनी की तरफ चल दीं। ई-रिक्शा में अन्य महिलाएं भी बैठी हुई थीं। वर्षा जब ई-रिक्शा से उतरीं तो देखा कि उनका पर्स नहीं था। उन्होंने तत्काल यह बात ई-रिक्शा चालक को बताई तो उसके होश उड़ गए।
उसने पूरी ई-रिक्शा छान मारी, लेकिन पर्स का कहीं पता नहीं चला। वर्षा और उनकी भाभी तुरंत वापस उस लैब में पहुंचीं जहां जांच कराई थी और वहां पूछताछ की तो पता लगा कि किसी को पर्स नहीं मिला है। लैब में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो उसमें वर्षा अपना पर्स लेकर जाती हुई नजर आ रही थीं।
तीन थानों के बीच झूलता रहा मामला 5 दिन तक 
वर्षा ने अपनी भाभी की जांच जिस लैब में कराई, वह क्षेत्र ईदगाह के पास का इलाका माधवगंज थाना क्षेत्र में आता है। महिला जहां केआरजी के सामने से ई-रिक्शा में सवार हुईं, वह कंपू थाना क्षेत्र में आता है और जहां महिलाएं नाका चंद्रबदनी पर ई-रिक्शा से उतरीं, वह झांसी रोड थाना क्षेत्र में आता है। पांच दिन तक महिला इन थानों के चक्कर काटती रही। आखिरकार पहला घटनास्थल माधवगंज थाना मानकर वहां मामला दर्ज किया गया।
पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है। वर्षा ने लैब के कर्मचारियों पर शक जताया तो पुलिस ने वहां जांच की लेकिन सभी कर्मचारी फुटेज में रूटीन काम करते मिले। इसके बाद ई-रिक्शा का रूट चेक किया गया और हर उस स्थान से सीसीटीवी फुटेज लिए गए, जहां से ई-रिक्शा निकली।
नाका चंद्रबदनी पर जहां ई-रिक्शा से वर्षा व उसकी भाभी उतरीं, उसी से दो महिलाएं नीचे उतरती हुईं सीसीटीवी कैमरे में नजर आई हैं। संदिग्ध महिलाओं के नजर आते ही वर्षा ने इस बात की पुष्टि कि यही महिलाएं लैब के सामने से बैठकर आई थीं। यह बात पता चलते ही माधौगंज थाने में संदिग्ध महिलाओं के खिलाफ पर्स चोरी करने का मामला कायम कर लिया है।
इस मामले में माधौगंज थाना प्रभारी दिव्या तिवारी ने बताया कि डबरा से अपनी भाभी की जांच कराने हॉस्पिटल आई एक महिला का पर्स चोरी हुआ है। पर्स में सोने के जेवरात होने की बात फरियादी ने बताई है। मामले की जांच के बाद सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध महिलाएं ई-रिक्शा से उतरते हुए नजर आ रही हैं। संदेही महिलाओं का पता लगाया जा रहा है।