एमआईटीएस-डीयू में एंटी रैगिंग जागरूकता रैली का आयोजन

Aug 17 2025

ग्वालियर। माधव इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस डीम्ड यूनिवर्सिटी में एंटी रैगिंग जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का उद्देश्य विद्यार्थियों को रैगिंग के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और रैगिंग मुक्त परिसर की भावना को सुदृढ़ बनाना था।
संस्थान के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश मौर्य ने बताया कि रैली का संचालन डीन, स्टूडेंट्स एडमिनिस्ट्रेशन प्रो. आरएस जादौन और डीन, स्टूडेंट्स वेलफेयर डॉ. मनीष कुमार सागर द्वारा किया गया, जबकि रैली की अगुवाई डॉ. सुरेंद्र कुमार चौरसिया ने की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संकाय सदस्य, स्टाफ और छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर रैगिंग बंद करो, शिक्षा का सम्मान करो तथा हमारा कैंपस रैगिंग मुक्त कैंपस जैसे प्रेरणादायक नारे लगाए।
संस्थान प्रशासन ने रैली के माध्यम से यह संदेश दिया कि रैगिंग एक दंडनीय अपराध है, जिसके खिलाफ कड़े कानूनी और प्रशासनिक कदम उठाए जाएंगे। साथ ही विद्यार्थियों को आपसी सहयोग, भाईचारे और सम्मानजनक व्यवहार को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
रैली का समापन परिसर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के साथ हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने रैगिंग का पूर्ण रूप से बहिष्कार करने और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने का संकल्प लिया।