ग्वालियर में एयर इंडिया की बोइंग फ्लाइट में लैंडिंग के समय तकनीकी खामी, यात्री बाल-बाल बचे

Aug 16 2025

ग्वालियर। बेंगलुरु से ग्वालियर आ रही एयर इंडिया की बोइंग फ्लाइट में लैंडिंग के दौरान तकनीकी खामी आने से यात्रियों में हडक़ंप मच गया। यात्रियों के अनुसार, फ्लाइट लैंडिंग कर रही थी, कि अचानक जोरदार झटका लगा और सभी यात्री घबरा गए।
पायलट ने पहले फ्लाइट को लैंड करने की कोशिश की, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण यह संभव नहीं हो सका। इसके बाद फ्लाइट को दोबारा टेक ऑफ करवा कर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। इस दौरान यात्रियों में चीख-पुकार मची और वे काफी घबरा गए।
लैंडिंग के बाद एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने एयर इंडिया पर घटिया सर्विस देने और उनकी जान खतरे में डालने का आरोप लगाया। हंगामा काफी देर तक चला, जिसके बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी और सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें समझाया और सभी से शिकायत आवेदन लेकर जांच का आश्वासन दिया।
बताया गया कि यह घटना दोपहर लगभग 2:15 बजे हुई, जब फ्लाइट ग्वालियर के राजमाता विजया राजे सिंधिया एयरपोर्ट पर पहुंची। यात्रियों ने कहा कि यह लैंडिंग पूरी तरह असुरक्षित थी और उनकी जान पर वास्तविक खतरा मंडरा रहा था।