अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर बीजेपी-कांग्रेस नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

Aug 16 2025

ग्वालियर। भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सातवीं पुण्यतिथि पर शिंदे की छावनी कमल सिंह बाग में स्थित उनके पैतृक निवास पर बीजेपी और कांग्रेस के नेता इकट्ठे हुए और पुष्पांजलि अर्पित की।
बीजेपी जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया की उपस्थिति में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा ने भाजपा पर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा अटल जी को केवल जयंती और पुण्यतिथि पर याद करती है।
देवेंद्र शर्मा ने कहा कि ग्वालियर में 11 महीने में एयरपोर्ट तैयार हो गया, लेकिन अटल स्मारक अभी तक पूरा नहीं हुआ है। यह स्मारक युवा पीढ़ी को अटल जी के विचारों से परिचित कराने के लिए बनाया जा रहा है। हालांकि, बीजेपी जिला अध्यक्ष ने आश्वासन दिया है कि स्मारक का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा होगा।
अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म 25 दिसंबर 1924 को कमल सिंह के बाग स्थित घर में हुआ था। पहले यहां पाटौर थी, जहां वे जन्मे थे। आज उनके जन्मस्थान पर एक वाचनालय संचालित होता है। उनके पिता कृष्ण बिहारी वाजपेयी शिक्षक थे।