स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में जलभराव की तस्वीर लगा बैनर पहन पहुंचा युवक

Aug 16 2025

ग्वालियर। शहर में जलभराव व सडक़ों के गड्ढों की तस्वीर लगे बैनर पहनकर एक युवक स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में पहुंच गया। जहां अफसरों ने पुलिस की मदद से उसे कार्यक्रम स्थल से दूर हटा दिया और समझाइश दी कि शिकायत इस तरह स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के दौरान करना अनुचित है।
ग्वालियर विस क्षेत्र निवासी विजय माहौर स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में पहुंचा और मंच के पास बनी दर्शक दीर्घा में जा बैठा। यहां कार्यक्रम के बीच में वह खड़ा हुआ और शहर में हो रहे जलभराव व जर्जर-गड्ढे वाली सडक़ों की तस्वीर लगे बैनकर को पहनकर आगे खड़ा हो गया और खस्ता हाल सडक़ों की शिकायत करने लगा। यह देख मौके पर मौजूद अफसरों ने उसे समझाया और पुलिस की मदद से दूर खड़ा कर दिया।
युवक के बैनर में ग्वालियर पूर्व विस में हुए जलभराव व शहर की अन्य जर्जर सडक़ों की तस्वीरें छपी हुई थी। अफसरों ने उसे समझाया कि समस्या बताने व हल कराने का यह तरीका नहीं है, यह पूर्णत: गलत है।
इसलिए वह अपनी समस्या व शिकायत को जायजा तरीके से अफसरों के समक्ष आवेदन के माध्यम से रखे और निराकरण की मांग करें, लेकिन युवक का कहना था कि शहर की सडक़ों को लेकर अफसर गंभीर ही नहीं है, सडक़ खराब होने के बाद भी उनकी मरम्मत नहीं कराई जा रही है।