मुस्लिम समाज ग्रेटर ग्वालियर द्वारा निकाली गई भव्य एवं ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा

Aug 14 2025

ग्वालियर। मुस्लिम समाज ग्रेटर ग्वालियर द्वारा गुरूवार को भव्य ओर ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा निकाली गई, तिरंगा यात्रा की शुरुआत मस्तान शाह बाबा साहब की दरगाह पर चादर पेश करने के उपरांत सुबह 10.30 बजे मुफ्ती ग्वालियर चंबल संभाग जफर नूरी अजहरी, ग्वालियर इमाम काउंसिल के अध्यक्ष हाफिज इस्माइल चिश्ती, वरिष्ठ युवा भाजपा नेता सादिक खान मेव शानू ने बड़ा तिरंगा लहराकर हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाकर की।
तिरंगा यात्रा में हजारों की संख्या में बुजुर्गों और युवाओं ने हाथों में तिरंगा लहराकर जोश दिखाया वही पैदल चलने बालों की संख्या भी सैंकड़ों में थी। देश प्रेम के गीतों के साथ डीजे की धुन पर सभी पूरे जोश से भरपूर झूमते नजर आए तो रास्ते में हिन्दू समाज के भाइयों ने भी गुलाब की पत्तियों से स्वागत किया। वही एक स्वागत हनुमान चौराहा पर मंदिर के पुजारी ओर भक्तों ने फूल बरसाकर पानी पिलाकर स्वागत किया। तिरंगा यात्रा फूलबाग मोती मस्जिद पहुंची और वहीं समापन हुआ।
वहीं इस तिरंगा यात्रा में पत्रकार शाहनवाज खान की बुलेट जो तिरंगे की थीम पर सजी थी वो दुल्हन सी सजी बुलेट तिरंगा यात्रा में चर्चा का विषय रही, जिसने भी देखा उसने बुलेट पर बैठकर फोटो शूट कराए, पत्रकार शाहनवाज खान ने बताया रात में 12 बजे ये आइडिया उनके दिमाग में आया और अपने हाथों से परिवार बालों की मदद से पूरी बुलेट को दुल्हन की तरह सजा कर रखा ओर सुबह होते ही तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा के समापन के अवसर पर सादिक खान मेव शानू ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा आप लोगों ने इस तिरंगा यात्रा में शामिल होकर इस तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक और सफल बनाया आप लोगों का बहुत बहुत शुक्रिया और देश प्रेम की बात कही एवं हिन्दुस्तान जिंदाबाद के साथ पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे भी पूरे जोश के साथ लगाए साथ ही यात्रा के सफल आयोजन के लिए सभी सहभागियों, शासन एवं प्रशासन और अफजल बेग, मल्लू भाई, डॉ हैदरी, शमशाद भाई, असलम नेताजी सहित पूरी टीम को धन्यवाद प्रेषित किया।