दिल्ली की परेड में विशिष्ट अतिथि होंगे ग्वालियर के कृष्णा अग्रवाल आज

Aug 14 2025

ग्वालियर। दिल्ली में आयोजित 15 अगस्त पर स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ग्वालियर के नवयुवक कृष्णा अग्रवाल को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। पूरे मध्य प्रदेश में से केवल 2 स्वयंसेवकों का चयन हुआ है, जिसमें एक नाम कृष्णा अग्रवाल का है। उनके साथ उनके पिता मनीष अग्रवाल भी समारोह में शामिल होंगे। इस सम्मान से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
ग्वालियर निवासी कृष्णा अग्रवाल का चयन भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा किया गया है। वे 15 अगस्त पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में दिल्ली विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। यह सम्मान उनके सामाजिक कार्यों में योगदान के लिए दिया गया है। 
वे माधव प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान, ग्वालियर से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग में बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र हैं। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सक्रिय स्वयंसेवक के रूप में उनका योगदान सराहनीय रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर उनके साथ उनके पिता मनीष अग्रवाल भी आमंत्रित किए गए हैं।