तिरंगा यात्रा में छात्र, अधिकारी जनप्रतिनिधि और कर्मचारी भी दिखे उत्साहित

Aug 13 2025

भितरवार। शासन के निर्देशानुसार स्थानीय प्रशासन द्वारा नगर में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। जिसमें शासकीय अशासकीय विद्यालयों के छात्र विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। उत्साहित होकर राष्ट्रीय ध्वज थामकर निकले लोगों ने छात्रों के साथ वंदे मातरम,हिंदुस्तान जिंदावाद के नारे लगाए। जिससे ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा में देशभक्ति का जज्बा उमड़ पड़ा। कार्यक्रम से पूरा नगर देश प्रेम में डूबा नजर आया। 
बुधवार को एसडीएम संजीव कुमार जैन के मार्गदर्शन में स्थानीय शिक्षा विभाग की अगुआई में नगर के बस स्टैंड से तिरंगा यात्रा निकाली गई। विभिन्न स्कूलों के हजारों छात्र छात्राओं के साथ निकली इस यात्रा में एसडीएम संजीव कुमार जैन, नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल, उपाध्यक्ष मन्नू यादव, बीआरसीसी नरहरी मिश्रा, पार्षद सुमत प्रकाश जैन और विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी शामिल हुए जो देश प्रेम में डूबे नजर आए। डीजे साउंड पर बजे राष्ट्र भक्ति के गीतों और वंदे मातरम के साथ नगर के मुख्य बाजार के मार्गों से होकर निकली तिरंगा यात्रा में चल लोगों पर पुष्प वर्षा कर नगरवासियों ने जोशीला स्वागत किया। 
कार्यक्रम के दौरान लोगों में देश भक्ति का जज्बा देखने को मिला। पूरा नगर देशभक्ति गीत और भारत माता के जयकारों से गूंज उठा। गत रोज भी हर घर तिरंगा अभियान के तहत भाजपा ने तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। प्रदेश महामंत्री रणबीर सिंह रावत और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत की अगुआई में बस स्टैंड के पास से शुरू हुई तिरंगा यात्रा में भाजपाई राष्ट्रीय ध्वज लेकर चल रहे थे। इन युवाओं में चलित डीजे साउंड से बजे देश भक्ति के गीतों ने जोश भर दिया। विभिन्न मार्गों से तिरंगा यात्रा करैरा तिराहे पर पहुंची।