चुनाव आयोग निष्प्क्ष नहीं, बिहार समेत अन्य राज्यों के चुनाव संदेह के घेरे में:दिग्विजय

Aug 10 2025

ग्वालियर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने रविवार को चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि चुनाव आयोग निष्पक्षता से अपना काम नहीं कर रहा है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि बिहार के आगामी विधानसभा चुनाव सहित अन्य राज्यों के चुनाव भी संदेह के घेरे में हैं। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा बेंगलुरु की महादेवपुरा विधानसभा सीट पर एक लाख से अधिक फर्जी मतदाताओं के घोटाले का उल्लेख किया। उनके अनुसार, इस घोटाले से चुनाव आयोग की भूमिका संदिग्ध हो गई है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने बिहार के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक झटके में 65 लाख मतदाताओं को मतदाता सूची से हटा दिया गया है। उन्होंने चुनाव आयोग से अपनी विश्वसनीयता साबित करने और भाजपा से इस मामले में स्पष्टीकरण देने की मांग की।
दिग्विजय सिंह ने मध्य प्रदेश के 2018 के विधानसभा चुनाव का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि तब मतदाता पुनर्निरीक्षण के दौरान 50 लाख फर्जी मतदाताओं का पता लगाया गया था। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए चुनाव आयोग को आम लोगों का विश्वास जीतना होगा।
भाजपा में जाने के बाद भी सिंधिया को पुत्र समान बताया
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ मंच साझा करने के सवाल पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि भले ही सिंधिया कांग्रेस छोडक़र भाजपा में चले गए हैं, लेकिन वे उनके पुत्र समान हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने कांग्रेस का मंच साझा ना करने की बात ग्वालियर में कही थी, न कि निजी कार्यक्रमों में मंच साझा करने की बात।