बहन से राखी बंधाने जा रहे भाई को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी, मौत

Aug 10 2025

ग्वालियर। बहन से राखी बंधाकर घर लौट रहे एक युवा की बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हुआ था। जब पुलिस को घायल सडक़ पर पड़ा मिला तो पुलिस ने उसे हॉस्पिटल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया है।
घटना शनिवार गत रात ट्रिपल आईटीएम संस्थान के सामने की है। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया है। साथ ही शव परिजन के सुपुर्द कर दिया है। 
पुलिस ने मामला दर्ज कर बाइक सवार को रौंदने वाले वाहन की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही है। फिलहाल कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। 
महाराजपुरा शताब्दीपुरम निवासी 32 वर्षीय सुमित पुत्र रामदत्त शर्मा ग्वालियर में नौकरी करते हैं। वह मूल रूप से मुरैना के अंबाह केला देवी माता मंदिर रोड के रहने वाले हैं। गत रोज वह रक्षाबंधन पर बहन से टीका कराने के लिए अपने गांव जा रहे थे। वह अपनी बाइक क्रमांक एमपी06-एमयू 2375 पर सवार होकर हजीरा थाना के पास ट्रिपल आईटीएम संस्थान के सामने पहुंचे ही थे कि सुमित की बाइक में कोई तेज रफ्तार अज्ञात वाहन टक्कर मार गया।
टक्कर इतनी तेज थी कि सुमित के सिर, हाथ, पैर सहित पूरे शरीर में कई जगह गंभीर चोट लगी थी। घटना का पता उस समय लगा जब पुलिस को किसी घायल के पड़े होने की सूचना राहगीरों ने दी। पुलिस ने घायल को हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घायल की मौत होने पर पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर डेड हाउस में रखवाया और रविवार सुबह पोस्टमॉर्टम कराया है।
 अब पुलिस सुमित को रौंदने वाले अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की तलाश में जुट गई है। पुलिस ट्रिपल आईटीएम संस्थान व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है, जिससे टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके। अभी पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
हजीरा थाना प्रभारी शिवमंगल सिंह सेंगर ने बताया एक बाइक सवार को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। बाइक सवार की मौत हो गई है। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।