बहनों ने जेल में बंद भाईयों को बांधी राखियां

Aug 09 2025

ग्वालियर। शहर में 9 अगस्त शनिवार को भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। चूंकि इस बार भद्रा ना होने के कारण घरों में रक्षाबंधन पर्व दिनभर मना।
शहर में रक्षाबंधन पर्व की धूम मची रही। पर्व को लेकर जहां घरों में बहने अपने भाईयों की कलाई पर राखी बांधने की तैयारियों में जुटी थीं। वहीं दूसरी ओर जेल में भी बहने अपने भाईयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधने के लिए उत्साहित नजर आई।
वहीं जेल में बंद कैदियों की बहनों का सुबह से ही केन्द्रीय जेल पर आने का सिलसिला प्रारंभ हो गया जो शाम तक अनवरत रूप से जारी रहा। जेल प्रबंधन ने जेल के अंदर बाहर से आने वाला कोई भी सामान नहीं ले जाने दिया गया। जेल प्रबंधन ने जेल परिसर में ही राखी व मिठाई के स्टॉल लगाए गए और बहनों को पंजीयन कराने के बाद भाईयों का तिलक करने की अनुमति दी गई।
जेल प्रबंधन ने भी बहनों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए विशेष प्रबंध किए ताकि बहनों को भाईयों से मुलाकात करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। 
 जेल के प्रवेश द्वारों पर बहनों का सुबह पंजीयन किया गया और पंजीयन के बाद ही उन्हें जेल परिसर में जाने की अनुमति मिली। कतारों में लगी बहनों ने पहले विधिवत अपना पंजीयन कराया फिर जेल परिसर में पहुंचकर भाईयों से मुलाकात की।
रेलवे स्टेशन और बस स्टेंड पर लगी भीड़
रक्षाबंधन पर्व पर कोई अपने घर आ रहा था तो कोई अपने घर जा रहा था ऐसे में रेलवे स्टेशन व बस स्टेंडों पर सुबह से लेकर दोपहर तक अच्छी-खासी भीड़ रही और जिसे जो साधन मिला वह उससे अपने गवतव्य पर पहुंचा।