पार्टियाँ बदलने से हल नहीं होंगी, जनसमस्याएं, देश में जनशक्ति को विकसित करना होगा-अरुण कुमार सिंह

Aug 08 2025

ग्वालियर। क्रांतिकारी पार्टी एसयूसीआई (कम्युनिस्ट)के संस्थापक महासचिव कामरेड शिवदास घोष के स्मृति दिवस के अवसर पर एक राज्य स्तरीय जनसभा का आयोजन मानस भवन में किया गया।
जनसभा में मुख्य वक्ता पार्टी के केंद्रीय कमेटी सदस्य अरुण कुमार सिंह ने कहा आजादी आंदोलन में सक्रिय क्रांतिकारी शिवदास घोष ने यह महसूस कर लिया था कि आजादी क्रांतिकारियों के आदर्शों के अनुसार नहीं मिली। बल्कि यह सत्ता का स्थानांतरण मात्र हुआ है, और देश का पूंजीपति वर्ग सत्ता में काबिज हो गया है इसलिए आजादी आंदोलन का फल देश के बहुसंख्यक मेहनतकश जनता मजदूर, किसानों को नहीं मिलेगा। 
इसलिए कामरेड शिवदास घोष ने 24 अप्रैल 1948 को पार्टी का गठन किया। तब से लेकर आज तक पार्टी पूरे देश में लगातार जनजीवन की ज्वलनत समस्याओं के खिलाफ जन आंदोलन संगठित करती आई है।
उन्होंने आगे कहा कि आज कई देशों में युद्ध चल रहे हैं। दुनिया तृतीय विश्व युद्ध के मुहाने पर खड़ी है कामरेड लेनिन ने कहा था कि साम्राज्यवाद युद्धों को जन्म देता है। आज हम देख रहे हैं कि विश्व साम्राज्यवाद अमेरिका के नेतृत्व में किस तरह अपनी मुनाफे के लिए दुनिया के ऊपर युद्ध थोप रहा है।  देश में गरीबी, बेरोजगारी ,महंगाई बेतहाशा बढ़ती जा रही है। 
बीजेपी नित केंद्र सरकार सभी सार्वजानिक उपक्रमों एवं सेवा क्षेत्र जैसे बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, रेलवे, बैंक, बीमा, बीएसएनल, एनटीपीसी आदि का निजीकरण कर रही है। 1991 में हमारे देश की अर्थव्यवस्था में भूमंडलीकरण उदारीकरण की नीति को शामिल किया गया था। तब भी एसयूसीआई कम्युनिस्ट पार्टी ने इसके खतरों से देश को आगाह किया था। और आज हम इसको हकीकत में तब्दील होते देख रहे हैं। कार्यक्रम में प्रदीप आरबी, रचना अग्रवाल, मनीष श्रीवास्तव,रूपेश जैन आदि मौजूद रहे।