मुझे केन्द्रीय विद्यालय की छात्रा होने का गर्व: श्रीमती गीता सिंह राठौर

Aug 07 2025

ग्वालियर। पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक 1 ग्वालियर के  सभागार में श्रीमती गीता सिंह राठौर (महानिदेशक सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली) ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि मुझे कक्षा 4 से 12वीं तक केन्द्रीय विद्यालय महरौली रोड, जेएनयू कैम्पस नई दिल्ली में छात्रा होने का अपार गर्व है।
आज मुझे पीएमश्री के. वि. क्रमांक 1 ग्वालियर में अपने सामने छात्र-छात्राओं को देखकर अपने विद्यार्थी जीवन की स्मृतियाँ याद आ गई। आप सभी मन से पढ़ें और उच्चतम पदों पर आसीन हों।जीवन में सपने बड़े हों। डर को जीत में बदलकर आगे बढऩे का लक्ष्य प्राप्त करें। सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय अपने 1950 से 2025 में 75 वर्ष की वर्षगांठ पर अपने देशभर में प्रतिष्ठित क्षेत्रीय कार्यालयों के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।
इसी प्रसंग में गजेन्द्र सोनी ने पीएमश्री के.वि. क्रमांक 1 ग्वालियर में कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम की संयोजिका श्रीमती वंदना शुक्ला ने मंच संचालन कुशलता के साथ किया। सर्वप्रथम विद्यालय के प्राचार्य राजेश पाण्डेय ने पौधे प्रदान करते हुए दोनों अतिथियों का स्वागत किया। अपने स्वागत संबोधन में दोनों अतिथियों का परिचय एवं समस्त विद्यालय परिवार की ओर से स्वागत एवं संमान किया।
 गजेन्द्र सोनी ने सांख्यिकी मंत्रालय के 1950 से 2025 तक 75 वर्ष की यात्रा के महान कार्यों का विस्तार से वीडियो के साथ प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने छात्रों के साथ अपने संबोधन में अनेक विषयों पर आधारित प्रश्न किये। मेधावी छात्र ओजस एवं मेधाविनी छात्रा प्रियांशी राजपूत के साथ अनेक छात्रों ने सही उत्तर देने पर पुरस्कार प्राप्त किया। साथ ही  विद्यालय परिसर में पाँच पौधे लगाते हुए श्रीमती गीता सिंह राठौर ने प्रसन्नता प्रकट की। 
इस शुभ अवसर पर विद्यालय के स्काउट छात्रों ने बैंड-बाजे के साथ मुख्य अतिथियों का प्रवेश द्वार पर स्वागत किया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती डॉ. भारती यादव, श्रीमती वंदना शुक्ला, श्रीमती डॉ. शेष कुमारी बघेल, श्रीमती विजेता जादौन, श्रीमती सीमा सिंह, मुरारीलाल महावर, बाबूलाल अहिरवार, राजेन्द्र कुमार मीणा, मुकेश रावत, देवेन्द्र शर्मा, चन्द्रशेखर शर्मा, राधेश्याम नंदवानी, पवन कुमार पटेल, राजीव गुप्ता, जयवर्धन आदि उपस्थित थे।