स्व. नारायण कृष्ण शेजवलकर के मार्ग पर चलने की जरुरत:महापौर डॉ. शोभा

Aug 07 2025

ग्वालियर। पूर्व महापौर स्व. नारायण कृष्ण शेजवलकर की 102वीं जयंती के अवसर पर नगर निगम के प्रशासनिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में महापौर डॉ. शोभा सिकरवार ने कहा कि स्व. नारायण कृष्ण शेजवलकर ग्वालियर के विकास के लिए दलगत भावना से उठकर प्रयास करते थे, आज उसी भावना की आवश्यकता है। सभी को पूर्व महापौर की उसी भावना के अनुरूप मिलकर ग्वालियर के विकास के लिए सोचना होगा और इसके लिए कार्य करना होगा।
महापौर डॉ. सिकरवार ने कहा कि यदि हम दलगत भावना को छोडक़र कार्य करेंगे तभी ग्वालियर का सर्वांगीण विकास कर सकेंगे। इस अवसर पर भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा कि कार्यकर्ताओं को गढऩे वाले पूर्व महापौर स्व. शेजवलकर समस्याओं के निराकरण की कुंजी थे। जब कभी किसी समस्या का समाधान नहीं हो पाता था तब उसका निराकरण कराने के लिए पार्टी के लोग उनके पास ही पहुंचते थे। शेजवलकर मिनटों में समस्या का निराकरण कर देते थे। उनहोंने कहा कि आज भाजपा जिस स्वरूप में हैं उसके पीछे शेजवलकर जैसे नेताओं की मेहनत भी शामिल है, जिन्होंने पार्टी को आगे बढ़ाने में अपनी पूरी ताकत लगा दी थी। आज पार्टी के नेताओं को शेजवलकर से प्रेरणा लेकर उनके मार्ग पर चलने की जरुरत है। इस अवसर पर उनके पुत्र पूर्व महापौर विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि शेजवलकर ने संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए जीवन पर्यंत तक कार्य किया।
इस अवसर पर आयोजित भजनांजलि कार्यक्रम में भजन गायक नवनीत कौशल ने साथी कलाकारों के साथ भजनों की प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा, संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी यशवंत इंदापुरकर, जय सिंह कुशवाह, वेदप्रकाश शर्मा, वैद्य गर्जेन्द्र गडक़र, सभापति मनोज तोमर, मुन्नालाल गोयल, घनश्याम पिरोनिया, विनोद शर्मा, राज चड्डा, धीरसिंह तोमर, विनंती शर्मा, पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता, गंगाराम बघेले, निर्मल कोठारी, रामेश्वर भदौरिया, अशोक शर्मा सहित अन्य भाजपा नेता उपस्थित थे।