भगवान चक्रधर-गिरिराजधरण ने किया हिंडोले में विहार

Aug 06 2025

ग्वालियर। सनातन धर्म मंदिर में पवित्रा (पुत्रदा) एकादशी श्रद्धा भाव से मनाई गई। अध्यक्ष विजय गोयल, प्रधानमंत्री रमेश चंद्र गोयल लल्ला, कोषाध्यक्ष राकेश बंसल, धर्ममंत्री रविन्द्र सिंघल ने बताया कि पवित्रा एकादशी पर भगवान चक्रधरं एवं गिरिराजधरण के लिए मेवे का हिंडोला सजाया गया। मुख्य पुजारी पं. रमाकांत शास्त्री ने भगवान चक्रधर को हरी पगड़ी मोर पंख के ऊपर लाल श्वेत कलंगी, मकराकृत कुंडल, श्वेत मोतियों का कंठा, गुलाब, मोंगरा, गेंदा रजनीगंधा एवं सतरंगी मोतियों की माला, लाल सुनहरी घेर की सुंदर पोशाक धारण कराई। इत्र फुलेल लगाया।
पं. देवेंद्र शास्त्री ने भगवान गिरिराजधरण का मनमोहक श्रृंगार किया। विराजमान सभी आराध्यों को राधा रसोई में निर्मित फलाहारी व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। नियमित भक्तों ने ठाकुर जी को ब्रज भाव से ओत प्रोत झूलन के पद झूलन चलो हिंडोलना वृषभानु नंदिनी, राधे झूलन पधारो घिर आये बदरा, कान्हा बरसाने में आ जइयो बुलाय रई राधा प्यारी... श्री कृष्ण गोविंद हरे मुरारे हे नाथ नारायण वासुदेव... भजन कीर्तन सुनाए।