पवित्रा उत्सव में सत्संग संकीर्तन, वार्ता प्रसंग और बौद्धिक कार्यक्रम हुए

Aug 06 2025

ग्वालियर। अंतराष्ट्रीय पुष्टिमार्गीय वैष्णव परिषद के तत्वाधान में तीन दिवसीय पवित्रा उत्सव का शुभारंभ हुआ। गिर्राज धर्मशाला दौलतगंज में आयोजित उत्सव के पहले दिन पवित्रा एकादशी मनाई गई। इसमें मुख्य रूप से सत्संग संकीर्तन, वार्ता प्रसंग, बौद्धिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। 
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष मोहन लाल अग्रवाल, सचिव कुम्भन अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मुरली मनोहर अग्रवाल ने संयुक्त रूप से धर्म का रहस्य, भक्ति की महिमा और पवित्रा एकादशी का महत्व समझाते हुए वैष्णवों से सहज, सरल, पुष्टि भक्ति पथ पर चलकर मानव जीवन सफल बनाने का आह्वान किया। साथ ही बताया कि पवित्रा एकादशी के तहत पवित्रा के 360 तंतुओं का समूह वर्ष के 360 दिन को प्रदर्शित करते हैं। इस दिन प्रभु के प्रति समर्पण, एक वर्ष का पूर्ण समर्पण हो जाता है। पुष्टिमार्ग की स्थापना का मकसद सहज, सरल भक्ति भाव से संकीर्तन द्वारा भगवान कृष्ण की प्राप्ति करना है। उन्होंने आगे बताया कि बुधवार को सायंकाल 6 बजे से महाराज श्री के वचनामृत एवं पवित्रा धराई जाएगी।
श्रावण माह के शुक्ल पक्ष की पुत्रदा एकादशी मनाई गई। यहां मॉडल टाउन स्थित शिवशक्ति धाम में व्रतधारी महिलाओं ने एकादशी की कथा का श्रवण कर दान पुण्य किया। इस अवसर पर विशेष रूप से भगवान विष्णु की उपासना की गई। और भजन कीर्तन भी किए गए। इस मौके पर मधु भार्गव, शोभा गुप्ता, नीलम पांडे, चंचल सक्सेना, अर्चना शर्मा, सुनीता पाराशर, राखी कुशवाह, सुमन भार्गव आदि महिलाएं मौजूद थीं।