हरम डिस्ट्रीब्यूटर से 46 पेटी नशीली कफ सिरप जब्त, आरोपी हिरासत में

Aug 04 2025

ग्वालियर। दिल्ली से आए नारकोटिक्स विभाग के अधिकारियों ने सहकारी बाजार मार्केट में हरम डिस्ट्रीब्यूटर की दुकानों और गोदाम पर छापामार कार्रवाई कर अधिकारियों ने 46 पेटी टॉसेक्स नामक नशीली कफ सिरप बरामद की है। एक पार्टनर गोपाल दास गुप्ता को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। दूसरा पार्टनर राजेंद्र माझी मौके से फरार हो गया।
 नारकोटिक्स विभाग के अधिकारियों ने नशीली कफ सिरप की पेटियों को जब्त कर दुकान और गोदाम को सील कर दिया है। बरामद की गई टॉसेक्स कफ सिरप का इस्तेमाल अक्सर नशेड़ी नशे के लिए करते हैं। इससे पहले भी नारकोटिक्स विभाग इस तरह के नशीले कफ सिरप पर कार्रवाई कर चुका है। पिछली कार्रवाइयों में इसके तार बांग्लादेश से जुड़े हुए मिले थे।
छापामार कार्रवाई करने आए नारकोटिक विभाग के अधिकारियों ने मीडिया से दूरी बनाए रखी। उन्होंने मीडिया को किसी भी तरह की जानकारी देने से मना कर दिया और कहा कि वे इसके लिए अधिकृत नहीं हैं।
वहीं कोतवाली थाना प्रभारी मोहिनी वर्मा ने बताया कि नारकोटिक्स विभाग के अधिकारियों ने सूचना दी थी कि वे सहकारी मार्केट में आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस बल को मौके पर भेजा गया था।