सावन के आखिरी सोमवार पर श्रद्धालुओं ने किया पूजन, बर्फ के शिवलिंग भी बनाए

Aug 04 2025

ग्वालियर। सावन महीने के आखिरी सोमवार और सर्वार्थ सिद्धि योग के विशेष संयोग में मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। शहर के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जल, दूध और पंचामृत से अभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। कई शिवालयों में सुबह 4 बजे से ही पंचामृत लेकर भक्त कतारों में लगे हुए थे। ग्वालियर के गिरगांव में मजिस्ट्रेट महादेव के नाम से चर्चित महादेव मंदिर पर भी भारी भीड़ देखने को मिली।
कोटेश्वर महादेव, गुप्तेश्वर महादेव, मार्कंडेश्वर महादेव, भूतेश्वर महादेव सहित अन्य प्रमुख मंदिरों में भी भक्तों की भीड़ देखी गई। शहर के कई घरों में बर्फ के शिवलिंग बनाकर अभिषेक किया गया। अचलेश्वर महादेव मंदिर पर फूल बंगला भी सजाया गया।
एसएसपी धर्मवीर सिंह के निर्देश पर मंदिरों के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई। पुलिस ने मंदिर परिसरों में चेकिंग पॉइंट और ट्रैफिक नियंत्रण के लिए अलग पुलिस बल तैनात किया। जिससे भीड़ में किसी प्रकार की अव्यवस्था या घटना न हो। शहर के प्रमुख मंदिरों में प्रबंधन द्वारा महिलाओं और पुरुषों की लाइनें अलग-अलग बनाई गईं।