हर हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा नगर,कांवड़ यात्रा में बही भक्ति धारा

Aug 03 2025

भितरवार। भगवान शिव की आराधना और उपासना के पवित्र श्रावण माह को देखते हुए नगर के लोगों ने पिछले वर्षों की भांति कांवड़ कलश यात्रा निकाली। जिसमें शामिल हुए हजारों कांवडिय़ों ने पार्वती नदी के जल से गोलेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। नगर के श्रद्धालुओं द्वारा रविवार को कावड़ कलश यात्रा का आयोजन किया। जिसमें शामिल होने के लिए सुबह काफी संख्या में महिला, पुरुष, बालक, बालिकाएं पार्वती नदी दियादाह घाट पहुंचे। नदी के घाट पर श्रद्धालुओं ने विधि विधान से भगवान शिव और मां पार्वती का पूजन किया। इसके बाद सभी कांवडिय़ों सहित सभी लोगों ने नदी से जल भरा।
कार्यक्रम में धूमेश्वर धाम के महंत और महामंडलेश्वर अनिरुद्धवन महाराज मुख्य रूप से शामिल हुए। नदी से 11 बजे कांवड़ कलश यात्रा शुरू हुई। बैंड बाजों के साथ हर हर महादेव के जयकारों लगाते हुए विशाल कांवड़ कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकली। कांवड़ यात्रा का नगर के लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। और उन्होंने जगह-जगह स्टॉल लगाकर यात्रा में चल रहे लोगों को शीतल पेय पिलाया। हर हर महादेव बम बम भोले के जयकारों के साथ कांवड़ यात्रा नगर के प्रसिद्ध एवं प्राचीन गोलेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। जहां सभी लोगों ने विधि विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। और उनसे क्षेत्र की सुख शांति कामना की।
कांवड़ कलश यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत, नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल, उपाध्यक्ष मन्नू यादव, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सतीश मघैया, गजब सिंह रावत, आयोजन समिति के अध्यक्ष पत्रकार रवि शर्मा, श्रीकृष्ण यादव,धर्मेंद्र अग्रवाल, कैलाश खटीक, पार्षद जितेंद्र सिंह आदि उपस्थित थे।