गोगाजी देव ने अपने कार्यों से दिया सामाजिक समरसता का संदेश: संत ऋषभ देवानंद

Aug 03 2025

ग्वालियर। मप्र वाल्मीकि विद्यापीठ की ओर से रविवार को लोक देवता जाहरवीर गोगाजी देव महोत्सव में सामाजिक समरसता संगोष्ठी एवं समारोह का आयोजन जीवाजी विश्वविद्यालय के गालव सभागार में किया गया। इस अवसर पर शहर के विभिन्न स्थानों से आई भजन गायन मंडलियों द्वारा गोगाजी देव को समर्पित भजन कीर्तन प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम आयोजक डॉ. संगीता राजेश कटारे, अक्षय सिंह एवं रामसेवक कटारे ने बताया कि सुबह गालव सभागार परिसर में शहर भर से जाहरवीर गोगाजी देव का झंडा एवं छडिय़ां आईं, जिन्हें सभी उपस्थितजनों ने श्रद्धाभाव से नमन कर सभी की प्रगति एवं समृद्धि के लिए कामना की। दोपहर में जेयू के कार्यपरिषद सदस्य डॉ. मंजीत कौर भल्ला, डॉ. संगीता राजेश कटारे, डॉ. रवि अम्बे, पूर्व ईसी सदस्य प्रदीप शर्मा, संजय यादव एवं वीरेन्द्र गुर्जर ने विधिवत झंडा पूजन कर महोत्सव का शुभारंभ किया। 
इसके उपरांत आयोजित सामाजिक समरसता संगोष्ठी में आरएसएस के सामाजिक समरसता प्रमुख सुधीर शर्मा, संगीत विवि के कार्यपरिषद सदस्य चंद्रप्रताप सिकरवार एवं प्रो. मदन भार्गव ने गोगाजी देव के जीवन, समाज के कमजोर वर्ग के लिए उनके संघर्ष एवं उपलब्धियों का चित्रण करते हुए उन्हें शब्दांजलि अर्पित की। 
शाम के सत्र में लाल टिपारा स्थित आदर्श गौशाला के संत ऋषभ देवानंद महाराज का भी ऊर्जावान आध्यात्मिक सानिध्य प्राप्त हुआ। इस दौरान जेयू के कुलगुरू प्रो. राजकुमार आचार्य, बीज निगम के पूर्व अध्यक्ष महेंद्र यादव, पूर्व सभापति बृजेंद्र सिंह जादौन, अशोक पटसारिया, कौशलेंद्र बाजपेई मंचासीन रहे। 
 संत ऋषभ देवानंद महाराज ने बताया कि गोगाजी देव करीब हजार वर्ष पहले अवतरित हुए थे और तभी से अपने कार्यों के माध्यम से भारतवर्ष में सामाजिक समरसता के प्रतीक बने हुए हैं। उनके दरबार में सभी जाति, संप्रदायों एवं बिरादरियों का स्थान था, चाहे वह रतन वाल्मीकि हों, त्यागी प्रवृत्ति के जाटव हो अथवा नरसिंह पांडे हों, सभी पर उन्होंने समान कृपा की। उन्होंने सभी उपस्थितजनों को जाहरवीर गोगाजी देव एवं गुरु गोरखनाथ के फलरूपी आशीर्वाद की प्राप्ति की कामना की। अंत में डॉ. संगीता राजेश कटारे, अक्षय सिंह एवं रामसेवक कटारे ने अतिथियों के साथ अनुसूचित जाति के प्रतिभावान विद्यार्थियों सहित सभी वर्गों के समाजसेवियों को सम्मानित किया। 
इस अवसर पर जीवन सहाय, राकेश कटारे, सरन सोनवाल, मनोज चौधरी, रिंकू हरिया, अजय पाथरे, विकास हसांरिया, सूरज नरवारे, शिवम बांगड़े, शिवा टांक, विक्रम करोसिया, मुकेश खरे, बुद्धन चौधरी, विजय डागौर उपस्थित रहे।