लगभग एक सैकड़ा बेसहारा गौवंश को पहुंचाया गौशाला

Aug 02 2025

भितरवार। बेसहारा गौवंश के संरक्षण के लिए स्थानीय निकाय द्वारा पिछले दिनों उठाए कदम तेजी चल रहे हैं। निकाय के अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल के निर्देश पर शुरू हुआ बाजार में घूम रहे गौवंश को गौशाला ले जाने का कार्य तेजी से जारी है। शनिवार को अतिक्रमण प्रभारी विनोद बाल्मिक और गौशाला प्रभारी बलराम जाटव के साथ सडक़ों पर उतरे निकाय कर्मचारियों ने नगर के बस स्टैंड क्षेत्र से गौवंश को एकत्रित कर गौशाला पहुंचाया। 
उल्लेखनीय है कि नगर में पिछले कुछ महीनों से बेसहारा गौवंश दुर्दशा का शिकार बना हुआ है। मुख्य बाजार और अन्य सडक़ों पर बैठा यह गौवंश आए दिन दुर्घटना का शिकार होकर घायल हो रहा था। रात और दिन में भारी वाहनों की टक्कर से घायल होकर दम तोड़ रहे और गंभीर घायल हो रहे बेसहारा गाय बछड़ों को देख नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल ने पिछले दिनों गौवंश संरक्षण के लिए निकाय के जिम्मेदार अधिकारी कर्मचारियों को कड़े निर्देश जारी किए थे। उनके निर्देश पर अतिक्रमण प्रभारी विनोद बाल्मिकी और गौशाला प्रभारी बलराम जाटव और कर्मचारियों ने बाजार में सडक़ों पर बैठे बेसहारा गौवंश को एकत्रित कर गौशाला पहुंचाना शुरू किया। इस क्रम में शनिवार को भी उक्त कर्मचारी नगर के बस स्टैंड पर पहुंचे। जहां से वे गौवंश को एकत्रित कर निकाय द्वारा संचालित मां पार्वती गौशाला ले गए। हालाकि ले जाते कुछ गाय बछड़े इधर उधर गलियों में भाग गए। जिन्हे जल्द ले जाने की बात कर्मचारियों ने कही है।
गौशाला की बाउंड्री टूटी होने से बाहर निकल आता है गौवंश
नगर परिषद द्वारा करैरा मार्ग पर पार्वती नदी किनारे संचालित गौशाला की बाउंड्री टूटी होने से बाहर से पहुंचाया गया बेसहारा गौवंश बाहर सडक़ों पर निकल आता है। जिससे निकाय के कर्मचारियों की मेहनत बेकार जा रही है। गौशाला की इस टूटी दीवाल को बनाने के लिए नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल ने जिम्मेदार अधिकारी कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए थे। इसके बाद भी आज तक गौशाला की बाउंड्री नहीं बनी है।