दिल्ली डिलीवरी देने जा रहा गांजा तस्कर पकड़ा, 1 लाख का गांजा बरामद

Aug 01 2025

ग्वालियर। गत देर रात करीब 1 बजे पड़ाव थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान गाडरवली पुलिया के पास एक गांजा तस्कर को पकड़ा है। तलाशी में उसके कब्जे से 10 किलो 360 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। पकड़े गए तस्कर की पहचान  देवराज बैश के रूप में हुई है। वह बिहार के सरन जिले के गांव भरवलिया जैतपुर का रहने वाला है। देवराज गांजे की दिल्ली में डिलीवरी करने वाला था।
पुलिस के अनुसार, तस्कर यह गांजा छत्तीसगढ़ से लाया था और ट्रेन के जरिए दिल्ली में डिलीवरी करने जा रहा था। ट्रेन में पुलिस को चेकिंग करते देख वह ट्रेन से उतरकर पटरी-पटरी होते हुए गाडरवली पुलिया के पास पहुंचा था। वहीं, पड़ाव पुलिस ने उसे पकड़ लिया। बरामद किए गए गांजे की कीमत 1 लाख रुपए से ज्यादा आंकी गई है। पुलिस ने पकड़े गए तस्कर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दिया है।
पड़ाव थाना प्रभारी आलोक परिहार ने बताया कि पकड़े गए तस्कर से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद इस रैकेट में शामिल अन्य लोगों के बारे में अहम जानकारियां मिल सकती हैं।