भगवान पार्श्वनाथ को चढ़ाया 23 फीट ऊंचा लाडू

Jul 31 2025

ग्वालियर। जैन धर्म के 23वें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ का मोक्ष कल्याणक ग्वालियर में मनाया गया। इस महोत्सव के तहत गुरुवार को भगवान पार्श्वनाथ को 23 फीट ऊंचा निर्वाण लाडू चढ़ाया गया। निर्वाण लाडू नई सडक़ स्थित चंपाबाग बगीची में बनाया गया है। इसके अलावा हलवाइयों ने 23 परिवारों के लिए 23 लाडू भी तैयार किए थे, जिन्हें भी भगवान को चढ़ाया गया है।
सकल जैन समाज के प्रवक्ता सचिन जैन का दावा है कि मध्य प्रदेश के इतिहास में इससे पहले इतना बड़ा लाडू न बनाया गया है न ही कहीं चढ़ाया गया है।
आचार्य सुबल सागर महाराज के सानिध्य में जैन धर्म के 23वें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ का तीन दिवसीय मोक्षकल्याणक महोत्सव 29 जुलाई से चल रहा है। महोत्सव सकल जैन समाज ग्वालियर एवं सन्मति सुबल पावन वर्षायोग समिति द्वारा आयोजित किया जा रहा है।
महोत्सव के पहले दिन (29 जुलाई) की सुबह 7 बजे भारतीय जैन मिलन क्षेत्र-2, आप और हम टीम ग्रेटर ग्वालियर और दिगंबर जैन जागरण युवा मंच ग्रेटर ने प्रभावना वाहन रैली निकाली थी। 30 जुलाई को सहस्त्रनाम विधान आयोजित किया गया। आचार्यश्री के प्रवचन हुए। संगीतमय पार्श्वनाथ स्त्रोत, पार्श्वनाथ चालीसा, भक्तामर स्त्रोत कार्यक्रम किए गए।