पूर्व अध्यक्ष के बदलते बयानों पर व्यापार समिति दाल बाजार करेगी कार्रवाई

Jul 31 2025

ग्वालियर। दाल बाजार व्यापार समिति के पूर्व अध्यक्ष गोकुल बंसल अपने बदलते बयानों को लेकर जरुर फंस गए हैं। पहले उन्होंने माधव मंगलम पैलेस में आयोजित साधारण सभा की बैठक में प्रियंक अग्रवाल पिंटू प्रकरण में सफाई दी थी कि उनके पास 15 लाख रुपए आए थे। जिसमें से 3 लाख रुपए किसी व्यापारी को दे दिए शेष 12 लाख रुपए का हिसाब पिंटू के मामा घनश्याम बंसल से करुंगा। 
लेकिन इसके बाद कार्यकारिणी की बैठक में इस बात से मुकर गए कि उनके पास कोई रकम नहीं है। तब दाल बाजार व्यापार समिति ने उनसे लिखित में जबाव मांगा। दो बार नोटिस मिलने के बाद उन्होंने समिति को आड़े हाथों लेते हुए फंसाने का आरोप लगाया है। इस विषय पर एक बार फिर कार्यकारिणी बैठक में चर्चा हुई। जिसमें श्री बंसल के बार बार बदलते बयानों खासकर वकील के माध्यम से भेजे गए लिखित जवाब में समिति को कठघरे में खड़ा करने की निंदा की गई। इस तरह के जबाव से नाखुश होकर दाल बाजार व्यापार समिति ने सर्वसम्मति से तय हुआ कि बंसल के खिलाफ संवैधानिक तरीके से कार्यवाही की जाएगी।
दरअसल बहुचर्चित प्रियंक उर्फ पिंटू दलाल प्रकरण में 15 लाख रुपए पचाने का मुद्दा गहराया हुआ है। पूर्व अध्यक्ष गोकुल बंसल के लिखित जवाब से यह मामला और भी विवादित हो गया है। क्योंकि समिति द्वारा 20 मई 2025 एवं 7 जुलाई 2025 को दिए गए नोटिस के जवाब में बंसल ने न सिर्फ पीडि़त दो फर्मों के शिकायती आवेदनों को मनगढ़ंत करार दिया है, बल्कि व्यापार समिति पर विद्वेषपूर्ण तरीके से जवाब मांगकर उन्हें बदनाम करने की साजिश जैसी तोहमत लगाई है। इसमें चुनाव में मदद नहीं करने पर ऐसा करने की बात भी कही गई है। इस तरह कार्यकारिणी में यह मुद्दा गहराया गया। 
इस मामले में चर्चा में कुल 19 पदाधिकारी एवं सदस्यों ने उनके बदलते बयानों की निंदा की। क्योंकि इस प्रकरण संबंधित तमाम दस्तावेज पत्र आदि समिति के पास सुरक्षित रखे हैं। बैठक में अध्यक्ष दिलीप पंजवानी ने संविधान अनुसार कार्यवाही करने की बात कही। हालांकि एक पूर्व सचिव ने जरूर घनश्याम बंसल पर कार्रवाई की मांग कर मामले को उलझाने की कोशिश की।
बैठक में सचिव विवेक जैन लिल्ले, मनीष गोयल, पंकज गोयल, रामनाथ, नंदलाल जैसवानी, गोविंद राय सिंह, संजय साहनी, राजू गुलसानी आदि उपस्थित रहे।