मंदिर से आया मंगलसूत्र चोरी का सीसीटीवी वीडियो, महिला चोर की तलाश शुरू

Jul 31 2025

ग्वालियर। भगवान के दर्शन करने मंदिर पहुंची कारोबारी की बुजुर्ग मां के गले से महिला चोर सोने का मंगलसूत्र चोरी कर ले गई। घटना कोटेश्वर महादेव मंदिर परिसर में सोमवार सुबह घटी। घटना का पता चलते ही बुजुर्ग महिला ने शोर मचाया पर तब तक महिला चोर जा चुकी थी।
घटना के चार दिन बाद सीसीटीवी कैमरे के फुटेज सामने आए हैं। वीडियो में बुजुर्ग भगवान का अभिषेक कर रही हैं, तब एक अन्य महिला दुपट्टा डालते और फिर जमीन से मंगलसूत्र उठाते नजर आ रही है। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है।
उपनगर ग्वालियर नौमहल्ला घासमंडी निवासी 62 वर्षीय सुशीला पत्नी ओमप्रकाश राय कारोबारी दीपक राय की मां हैं। वह चार दिन पहले कोटेश्वर महादेव मंदिर दर्शन करने गई थीं। भोलेनाथ के अभिषेक के बाद वह मंदिर से बाहर आईं तो पता चला कि उनके गले से मंगलसूत्र गायब है, उन्होंने शोर मचाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी पर तब चोरी का पता नहीं चला।
पुलिस ने जब मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो जिस समय बुजुर्ग महिला भगवान भोलेनाथ का अभिषेक कर रही थी उस समय का एक फुटेज हाथ लगा। अभिषेक के दौरान एक महिला चोर उनके ऊपर दुपट्टा डालती है और कुछ देर बाद जमीन से मंगलसूत्र उठाती हुई कैद हुई है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर महिला चोर की तलाश शुरू कर दी है।
सुशीला राय का कहना है कि उनको तो पता भी नहीं चला कि महिला चोर ने कब उसके गले से मंगलसूत्र पार कर दिया। सीसीटीवी कैमरे से पता चला कि महिला चोर ने मात्र एक मिनट में वारदात को अंजाम दिया है।
इस मामले में ग्वालियर थाना पुलिस का कहना है कि चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के आधार पर महिला चोरी की तलाश की जा रही है।