ज्वेलरी दुकान का शटर काटकर नगदी व सोने चांदी के गहने चुरा ले गए चोर

Jul 31 2025

ग्वालियर। चोरों ने एक ज्वेलरी की दुकान का शटर काटकर वारदात को अंजाम दिया है। चोर गिरोह गत देर रात उस समय दुकान में दाखिल हुए जब पुलिस गश्त पर थी। चोरों ने इतमीनान से सोने-चांदी के जेवरात, नगदी पर हाथ साफ किया और फरार हो गए। घटना सिंधी कॉलोनी नयापुरा माधौगंज की है। 
घटना का पता गुरुवार सुबह उस समय लगा जब दुकान संचालक दुकान पर पहुंचा। तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। ज्वेलरी शॉप में लगे सीसीटीवी कैमरे खराब होने के कारण चोरों के फुटेज नहीं मिल पाए हैं। गली के कॉर्नर पर जरुर एक अन्य दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में जरुर दो युवक नजर आए हैं पर उनके चेहरे नहीं दिखे हैं।
माधौगंज थाना क्षेत्र में स्थित नयापुरा सिंधी कॉलोनी मेन रोड पर गौरव भारद्वाज की कोमल ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। उन्होंने बताया कि गत रात को काम खत्म होने के बाद वह 10 बजे के लगभग दुकान के शटर पर ताला लगाकर अपने घर चले गए थे। गुरुवार सुबह दुकान के पास रहने वाले पड़ोसी ने खबर दी कि दुकान का शटर कटा हुआ है। यह सुनते ही वह दुकान पर पहुंचे तो देखा कि एक तरफ से दुकान का शटर कटा हुआ है। अंदर जाकर देखा तो गहने और नगदी चोरी हो चुके थे। गौरव का कहना है कि चोर करीब दो से ढाई लाख रुपए का सामान चोरी कर ले गए हैं।
चोरी हो जाने के बाद माधौगंज थाना पुलिस कितनी गंभीर और अलर्ट है, इसका ताजा उदाहरण गुरुवार को ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी के बाद देखने को मिला। संचालक गौरव ने बताया कि चोरी का पता चलने पर वह तुरंत मौके पर पहुंच गए। सुबह करीब साढ़े आठ बजे उन्होंने फोन लगाकर पुलिस को खबर कर दी। वह इंतजार करते रहे लेकिन पुलिस नहीं आई। करीब साढ़े तीन घंटे बाद पुलिस मौके पर जांच करने आई।
पुलिस अब चोरों तक पहुंचने के लिए दुकान ओर आस-पास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। पुलिस को अनुमान है कि चोर किसी ने किसी कैमरे में जरूर नजर आएंगे। इसके साथ ही इलाके के नशेडी और आवारा किस्म के लोगों का पता कर रही है। हो सकता है कि उन्हीं ने चोरी को अंजाम दिया हो। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे खराब मिले हैं। गली के कॉर्नर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में दो संदेही दिखे हैं, लेकिन उनके चेहरे नहीं आ पाए हैं। पुलिस इसी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।