तीन साल पहले महिला से सोने की चेन लूटने वाले दो लुटेरे पकड़े

Jul 31 2025

ग्वालियर। अमूमन लूट जैसी कोई वारदात यदि पुलिस के ठंडे बस्ते में गई तो उसका खुलासा हो ही नहीं पाता पर अब पुलिस ऐसे मामलों पर से भी धूल झाडऩे लगी है जो सालों में पुलिस फाइलों में दफन थे। ऐसे ही एक मामले का खुलासा अब क्राइम ब्रांच ने किया है।
क्राइम ब्रांच ने दो लुटेरों को पकड़ा है। इसमें एक बीएसएफ का बर्खास्त सिपाही है तो दूसरा लुटेरा अब प्रॉपर्टी डीलर बन चुका है। यह दोनों लूट करने के लिए मुरैना से चलकर ग्वालियर होते हुए डबरा पहुंचे थे और वहां एक महिला के गले से सोने की चेन खींचकर गायब हो गए थे। घटना साल 2022 की है। अब दोनों ही लुटेरे पुलिस के मेहमान हैं। पुलिस इनका मुंह खुलवाने की कोशिश कर रही है कि और कहां-कहां इन्होंने हाथ मारा है।
डबरा थाने में यह केस 2002 में दर्ज हुआ था और डबरा पुलिस ने थोड़े हाथ पांव चलाए फिर मामले को धीरे-धीरे ठंडे बस्ते में सरकती गई। तीन साल में किसी ने इस मामले की समीक्षा भी नहीं की। इसके बाद अब एसएसपी धर्मवीर सिंह ने इस मामले को उलटा-पलटा। क्राइम ब्रांच से मामले को टटोलने की जिम्मेदारी दी तो क्राइम ब्रांच के प्रधान आरक्षक राजीव शुक्ला ने इसमें पूरी दम लगा दी।
घटना के वक्त के फुटेज उसके मोबाइल में थे ही इसलिए वह हर बदमाश से मुलाकात में इनके फोटो दिखाकर एक ही सवाल करता, इन्हें देखा हैं कहीं। इस क्रम में ना जाने कितने बदमाशों से उसका सामना हुआ पर एक बदमाश से सुराग मिल गया। इस बदमाश ने कहा, इसमें से एक तो मेरे साथ गोहद जेल में बंद था। इसका नाम यह है। यह मुरैना का रहने वाला है।
एक बदमाश का नाम पता सामने आने के बाद जब क्राइम ब्रांच ने उसे उठाया तो उसने तुरंत ही दूसरे का नाम भी बता दिया। क्राइम ब्रांच ने समय गंवाए बगैर दूसरे बदमाश को भी उठा लिया। इनके नाम प्रताप कुशवाह और राजेश कुशवाह हैं।
प्रताप कुशवाह बीएसएफ का बर्खास्त सिपाही है और राजेश कुशवाह अब प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करने लगा है। राजेश के बारे में पता चला है कि जुएं में पैसे हारने के बाद इसने राजेश के साथ मिलकर लूट प्लान बनाया था और बाइक पर सवार होकर मुरैना से डबरा पहुंच गए थे।
 तीन साल से धूल फांक रहे मामले का निराकरण करने वाले क्राइम ब्रांच के प्रधान आरक्षक राजीव शुक्ला की एसएसपी धर्मवीर सिंह ने पीठ थपथपाई है। राजीव शुक्ला ने कहा, मैं इन बदमाशों की तलाश में दिल्ली तक हो आया। ग्वालियर-चंबल अंचल के जेलों से छूटने वाले काफी सारे बदमाशों को इन बदमाशों के फोटो दिखाए तब जाकर एक बदमाश ने इनकी शिनाख्त की और यह भी बताया कि राजेश कुशवाह कंधे पर गमछा डालकर चलता है। जब इसे पकड़ा तब भी यह कंधे पर गमछा डाले ही मिला।