नवांकुर सखी हरियाली यात्रा एक सामूहिक सामाजिक एवं पर्यावरणीय पहल-अमिताभ श्रीवास्तव

Jul 31 2025

ग्वालियर। नवांकुर संस्था रमन शिक्षा समिति द्वारा मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के सहयोग से विकासखंड मुरार के सेक्टर बेरजा में नवांकुर सखी हरियाली यात्रा का आयोजन किया गया। नवांकुर सखी हरियाली यात्रा का शुभारंभ जन अभियान परिषद के ग्वालियर चंबल संभाग प्रभारी अमिताभ श्रीवास्तव एवं संभाग समन्वयक सुशील बरुआ ने किया। इस अवसर पर जिला समन्वयक धर्मेन्द्र दीक्षित, ग्राम सरपंच राजेन्द्र सिंह तथा संस्था अध्यक्ष हरिओम गौतम विशेष रूप से उपस्थित थे। 
इस यात्रा में 70 से अधिक महिलाएं शामिल थी कलश यात्रा के दौरान महिलाएं लोकगीतों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति जैसे विषयों को लेकर गीत गा रही थी। यात्रा के समापन पर प्रदेश कार्यालय प्रभारी अमिताभ श्रीवास्तव ने कहा कि नवांकुर सखी हरियाली यात्रा एक सामूहिक सामाजिक एवं पर्यावरणीय पहल है, जिसका उद्देश्य प्रकृति से जुड़ाव, वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता फैलाना है। यह यात्रा महिलाओं की सहभागिता को केंद्र में रखते हुए नारीशक्ति और प्रकृति के बीच के अटूट संबंध को दर्शाती है।
सुशील बरुआ ने कहा कि नवांकुर सखी हरियाली यात्रा" न केवल पर्यावरणीय चेतना की मिसाल है, बल्कि यह महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सहभागिता और सतत विकास का जीवंत उदाहरण भी है। धर्मेन्द्र दीक्षित ने कहा कि इस तरह की यात्राएं आने वाले कल के लिए हरियाली की नींव रखती हैं और यह संदेश देती हैं कि जब नारी प्रकृति की सखी बनती है, तो धरती पर हरियाली मुस्कुराती है।
इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष हरिओम गौतम ने कहा कि हरियाली यात्रा में महिलाओं का नेतृत्व इस बात का प्रतीक है कि पर्यावरण संरक्षण कोई एक व्यक्ति या संस्था का कार्य नहीं, बल्कि सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी है। महिलाएं इस यात्रा में न केवल वृक्षारोपण करती हैं, बल्कि अपने परिवार और समाज में पर्यावरण के प्रति एक संवेदनशील दृष्टिकोण भी विकसित करती हैं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित महिलाओं को आम, बेलपत्र, सोजना, आंवला के पौधे प्रदान किये गये। कार्यक्रम का संचालन संस्था सचिव रामदास माहौर ने तथा आभार प्रदर्शन रिचा मिश्रा ने किया।