फोटो टांगकर गली-गली घूम रहे सपेरे

Jul 29 2025

मंगलवार को नागपंचमी अमृत योग, सिद्धि योग, साध्य योग और हस्त नक्षत्र में मनाई जा रही है। मदिरों में जहां मूर्ति के दर्शन कर मनोकामनाएं मांगी जा रही हैं तो वहीं गली-मोहल्लों में घूमने वाले सपेरे फोटो की पूजा करवा रहे हैं। नागदेवता के साथ-साथ सावन के इस माह में भगवान शिव और मां गौरी की भी पूजा अर्चना करते हुए श्रद्धालु अभिषेक कर बिल्वपत्र व धतूरा अर्पित कर रहे हैं।
पुलिस रही सतर्क
भक्त मंदिरों में पहुंचकर दूध व गंगाजल से नागदेवता का अभिषेक कर रहे हैं। मंदिरों में तडक़े 4 बजे से ही भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया। भीड़ के चलते पुलिस भी सतर्क बनी हुई है। मंदिर के आसपास अतिरिक्त बल की व्यवस्था की गई है, जिससे भक्तों को दर्शन करने के लिए परेशान नहीं होना पड़े। भक्तों की भीड़ को देखते हुए शहर के सभी मंदिरों पर पुलिस के जवान तैनात हैं। वहीं मंदिरों में सेवाधारी भक्तों की मदद कर उन्हें दर्शन और पूजा करा रहे हैं।
नाग-नागिन के प्रेम का प्रतीक है यह मंदिर
शहर के ट्रांसपोर्ट नगर नाग-नागिन मंदिर की कहानी काफी रोचक है। 31 जनवरी 2015 में ट्रांसपोर्ट नगर में गेट नंबर एक के पास नाग-नागिन रोड पार कर रहे थे। इसी बीच ट्रक के नीचे आ जाने से नाग की मौत हो गई। नाग की मौत के बाद नागिन वहीं रोड पर बैठ गई।
कई लोगों ने नागिन को हटाने का प्रयास किया पर नागिन टस से मस नहीं हुई। घटना से आगरा-मुंबई राजमार्ग के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। प्रशासन ने मशक्कत के बाद सांप पकडऩे वालों की मदद से नागिन को वहां से हटाया। बाद में नागिन को जंगल में ले जाकर छोड़ दिया।
लेकिन, दूसरे दिन नागिन ने भी नाग के मरने की जगह पर आकर दम तोड़ दिया। यह कहानी नहीं, एक हकीकत है। जिस पर भक्तों ने इस प्रेमी जोड़े की याद में नाग-नागिन के का मंदिर भी बनाया गया है। जहां हिंदू मुस्लिम एक साथ पूजा करते हैं।