शिव और सिद्धि योग में मनाई गई नागपंचमी, भक्तों का लगा मेला

Jul 29 2025

ग्वालियर। नागदेवता की पूजा करने के लिए मंगलवार सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की कतारें लगी थी और शुभ योग में दर्शन कर परिवार की खुशहाली की कामना की  गई। प्राचीन नागदेवता के मंदिरों में मंगलवार तडके से ही भक्त पहुंचना शुरू हो गए। लोगों ने मुरार स्थित नागदेवता मंदिर, छत्री स्थित नागदेवता मंदिर और दौलतगंज स्थित मंदिर में पहुंचकर नागदेवता की पूजा की। छत्री बाजार में स्थित प्राचीन नागदेवता के मंदिर में सुबह से ही प्रसाद और दूध बेचने वालों की दुकानें सजी रहीं।
मंगलवार को शिव योग और सिद्धि योग में नागपंचमी श्रद्धाभाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर शहर के प्रमुख नाग मंदिरों को आकर्षक लाइट्स से सजाया गया है। छत्री बाजार और दौलतगंज में नागदेवता मंदिररें पर विशेष पूजा-अर्चना की गई। दोनों मंदिरों पर दूर-दूर से लोग दर्शन और पूजन करने के लिए आते हैं। 
नागपंचमी पर नगर के सबसे प्राचीन छत्री बाजार स्थित रियासत कालीन नागदेवता के मंदिर पर आकर्षक विद्युत प्रकाश की सज्जा की गई है। इसके साथ ही तारांगज, दौलतगंज व सीपी कालोनी मुरार स्थित नागदेवता मंदिर पर नागपंचमी पर भक्तों की भीड़ लगेगी। नागपंचमी पर घरों में भी दरवाजे के दोनों तरफ नागदेवता की आकृति बनाकर पूजा की जाती है।